चारबाग रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा: प्लेटफॉर्म नंबर-5 का टिन शेड गिरा, TTE समेत 3 गंभीर घायल

उत्तर प्रदेश की राजधानी Lucknow के Charbagh Railway Station पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर-5 का टिन शेड अचानक गिरने से एक टीटीई समेत 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-5 से रवाना हुई थी। ट्रेन निकलने के बाद प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की संख्या कम थी। इसी दौरान अचानक करीब 60 से 70 फीट लंबा टिन शेड टूटकर नीचे गिर गया। हादसे में टीटीई भूपेंद्र और दो यात्री अभिषेक व साहिल टिन शेड के नीचे दब गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद प्लेटफॉर्म पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद रेलवे पुलिस और RPF जवान तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि टीटीई के दोनों पैरों में फ्रैक्चर आया है।

इसी बीच Howrah-Dehradun Express प्लेटफॉर्म पर पहुंच चुकी थी, लेकिन सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को हादसे वाली जगह से पहले ही रोक दिया गया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।

सूत्रों के मुताबिक, स्टेशन पर रेनोवेशन का काम चल रहा था। जिन पिलर्स और रेलिंग के सहारे टिन शेड टिका हुआ था, उन्हें कुछ जगहों से खोला गया था। इससे शेड का सपोर्ट कमजोर हो गया और वह अचानक गिर पड़ा।

घटना के बाद DRM सुनील कुमार ने मौके का निरीक्षण किया और हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। रेलवे प्रशासन अब पूरे मामले की तकनीकी जांच कर रहा है।

Exit mobile version