मनोरंजन जगत से इस वक्त एक बड़ी और दिलचस्प खबर सामने आ रही है। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों का दिल जीतने वाली फिल्म ‘हनुमान अंश’ अब देश की सीमाओं से बाहर भी अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार है। फिल्म की कहानी और इसे मिल रही दर्शकों की प्रतिक्रिया को देखते हुए अब इसे दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने का फैसला लिया गया है।
सबसे खास बात ये है कि फिल्म की इंटरनेशनल रिलीज की जिम्मेदारी होम्बले फिल्म्स ने संभाली है। यही वह बैनर है, जो ‘केजीएफ’ और ‘कांतारा’ जैसी फिल्मों को बड़े स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने के लिए जाना जाता है। अब होम्बले फिल्म्स ‘हनुमान अंश’ की कहानी को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने जा रहा है।फिल्म की ग्लोबल रिलीज 11 सितंबर 2026 को होगी। यानी भारत में मिली सफलता के बाद अब विदेशों में रहने वाले दर्शकों को भी इस फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा।
अब बात करते हैं आखिर ‘हनुमान अंश’ की कहानी इतनी खास क्यों है।दरअसल, यह फिल्म आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा, जिन्हें उनके भक्त महाराज-जी के नाम से भी जानते हैं, के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित है। फिल्म में बाबा की भक्ति, प्रेम, सेवा और आध्यात्मिक प्रभाव को दिखाया गया है। फिल्म का लेखन और निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है।शुरुआत में फिल्म की बॉक्स ऑफिस कमाई काफी धीमी रही। बताया गया कि फिल्म ने पहले दिन करीब 10 लाख रुपये की कमाई की थी। लेकिन इसके बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया लगातार बेहतर होती गई। लोगों की जुबान पर फिल्म की चर्चा बढ़ी और इसका फायदा फिल्म की कमाई को भी मिला।


ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 63 करोड़ रुपये से ज्यादा का आंकड़ा पार कर लिया है। खास बात यह है कि फिल्म को किसी बड़े शुरुआती प्रचार से ज्यादा वर्ड ऑफ माउथ यानी दर्शकों की आपसी चर्चा का फायदा मिला।यानी जिन लोगों ने फिल्म देखी, उन्होंने इसकी कहानी और संदेश की तारीफ की और दूसरे लोगों को भी फिल्म देखने के लिए प्रेरित किया। धीरे-धीरे फिल्म की लोकप्रियता बढ़ती गई और कमाई में भी तेजी देखने को मिली।अब इस फिल्म की कहानी का दायरा भारत से निकलकर विदेशों तक पहुंचने वाला है।
नीम करौली बाबा का प्रभाव केवल भारत तक सीमित नहीं रहा। उनके आध्यात्मिक प्रभाव से जुड़ी चर्चा विदेशों में भी होती रही है। स्टीव जॉब्स, मार्क जुकरबर्ग और जूलिया रॉबर्ट्स जैसी अंतरराष्ट्रीय हस्तियों के नाम भी नीम करौली बाबा से प्रभावित लोगों के तौर पर सामने आते रहे हैं। भारत में क्रिकेटर विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के कैंची धाम जाने की खबरें भी सामने आ चुकी हैं।
यही वजह है कि फिल्म की ग्लोबल रिलीज को लेकर दर्शकों में भी उत्सुकता बढ़ गई है।
फिल्म के मेकर्स का मानना है कि ‘हनुमान अंश’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक ऐसी आध्यात्मिक कहानी है, जो भारत की संस्कृति और एक संत के जीवन से जुड़ी है। अब इसे दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है।होम्बले फिल्म्स ने भी फिल्म की ग्लोबल रिलीज का ऐलान करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने की बात कही है। ऐसे में अब नजर इस बात पर रहेगी कि भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करने वाली यह फिल्म विदेशों में दर्शकों को कितनी पसंद आती है।तो कुल मिलाकर, ‘हनुमान अंश’ ने भारत में धीमी शुरुआत के बाद अपनी रफ्तार पकड़कर शानदार प्रदर्शन किया और अब 11 सितंबर से यह दुनिया भर के सिनेमाघरों में पहुंचने वाली है।भारत में फिल्म को मिले प्यार के बाद अब मेकर्स की नजर ग्लोबल ऑडियंस पर है। देखना दिलचस्प होगा कि नीम करौली बाबा की कहानी पर बनी यह फिल्म विदेशों में भी दर्शकों के दिल में अपनी जगह बना पाती है या नहीं।








