BIHAR ASSEMBLY ELECTIONS 2025 में सेलेब्स ने दिखाई अपनी राजनीतिक ताकत ,कैसा रहेगा इन सितारों का मनोरंजन से राजनीति तक का सफर

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के आज नतीजे आने वाले हैं और यह चुनाव कई मायनों में खास है। हमेशा की तरह राजनीतिक दलों के दिग्गज नेता तो चुनावी मैदान में थे ही, लेकिन इस बार मनोरंजन जगत से जुड़े कई बड़े नाम भी राजनीति में अपनी किस्मत आजमाते नजर आए। भोजपुरिया सिनेमा के स्टार कलाकार हों या लोकगीतों से लोकप्रियता हासिल करने वाली युवा गायिका सबने चुनावी दंगल में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।चुनावी नतीजों के पहले ही इन सेलेब्स ने खूब सुर्खियाँ बटोरीं। आइए जानते हैं, किन सितारों ने इस चुनाव में अपनी ताकत दिखाई और शुरुआती रुझानों में उनकी क्या स्थिति रही।

खेसारी लाल यादव

भोजपुरी सिनेमा और गायकी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले खेसारी लाल यादव इस बार राजनीति में बड़े दांव के साथ उतरे।RJD पार्टी ने उन्हें छपरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। शुरुआत में उन्होंने बढ़त बनाई, लेकिन बाद के राउंड में BJP प्रत्याशी छोटी कुमारी ने उन्हें पीछे छोड़ दिया। खेसारी लाल यादव ने 70 से अधिक भोजपुरी फिल्मों में काम किया है और 5000 से अधिक गानों का हिस्सा रहे हैं। हाल में उनका गाया गाना बॉलीवुड फिल्म सन संस्कारी की तुलसी कुमारी में भी शामिल हुआ था। अब वे राजनीति में भी अपनी नई पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

मैथिली ठाकुर

लोकगीतों की लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर पहली बार चुनावी मैदान में उतरीं और शुरुआत ही दमदार की।BJP की ओर से अलीनगर सीट पर चुनाव लड़ रही मैथिली ठाकुर शुरुआती दो राउंड की गिनती के बाद लगभग 4573 वोटों की बढ़त बनाए हुए थीं। उनके सामने RJD के बिनोद मिश्रा और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार चुनौती पेश कर रहे हैं।मैथिली ठाकुर ने 4 साल की उम्र में संगीत सिखना शुरू किया था।2011 में ‘लिटिल चैंप्स’ और उसके बाद 2017 में ‘राइजिंग स्टार’ में ओम नमः शिवाय से उन्हे प्रसिद्धि मिली।संगीत जगत में अपनी स्थायी पहचान बना चुकी मैथिली ठाकुर अब राजनीतिक दुनिया में भी नई सफलता की ओर बढ़ती दिख रही हैं।

रितेश पांडे

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय गायक रितेश पांडे ने इस बार प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से राजनीति में कदम रखा।उन्होंने करगहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन शुरुआती रुझानों में वे चौथे स्थान पर दिख रहे हैं, जो उनके लिए निराशाजनक शुरुआत मानी जा रही है।संगीत के क्षेत्र में रितेश पांडे ने कई हिट गानों से लोकप्रियता हासिल की है, लेकिन राजनीति में अभी उन्हें लंबा सफर तय करना होगा।

पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह

भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह इस चुनाव में किसी सीट से चुनाव नहीं लड़ रहे थे, हालांकि वे BJP के स्टार प्रचारक जरूर रहे।लेकिन उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने काराकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरकर सबको चौंका दिया।ताज़ा रुझानों में ज्योति सिंह तीसरे स्थान पर हैं।उनके आगे BJP और RJD उम्मीदवार हैं।पिछले दिनों पवन सिंह और उनकी पत्नी के बीच वैवाहिक विवाद चर्चा में था, जिसके चलते उनकी उम्मीदवारी को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे। फिर भी उन्होंने स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़कर राजनीतिक सफर की शुरुआत की है।

भोजपुरी स्टार्स की राजनीतिक एंट्री

इस चुनाव ने एक बात साफ कर दी है भोजपुरी कलाकार और लोकगीतों से जुड़े युवा अब सिर्फ मनोरंजन के क्षेत्र तक सीमित नहीं रहना चाहते। वे जनता के बीच अपनी लोकप्रियता को राजनीति में उपयोग कर समाज बदलाव में योगदान देने की इच्छा दिखा रहे हैं।

बिहार चुनाव 2025 में सेलेब्स की भागीदारी ने इस चुनाव को बेहद रोचक बना दिया। अलग-अलग पार्टियों से चुनाव लड़ने वाले इन कलाकारों ने जनता के बीच खास आकर्षण पैदा किया।जहाँ कुछ उम्मीदवार शुरुआती बढ़त बनाए हुए हैं, वहीं कुछ मुकाबले में पिछड़ते दिख रहे हैं। चुनाव परिणाम आने के बाद यह तय होगा कि इनमें से कौन अपनी नई पहचान राजनीति में मजबूती से स्थापित कर पाता है।

 

Exit mobile version