BIHAR ELECTIONS 2025: दरभंगा में अमित शाह की रैली ,बिहार को जंगलराज से मुक्त कराने का लिया संकल्प, ‘CM-PM की सीट खाली नहीं’ विपक्ष पर बरसे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को दरभंगा के अलीनगर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आज विकास और सुशासन की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि NDA की सरकार ने बिहार को पूर्ण विकसित राज्य बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।अमित शाह ने मिथिला की जनता को संबोधित करते हुए कहा,“मैं अपने संबोधन की शुरुआत मिथिला की स्वर कोकिला स्वर्गीय शारदा सिन्हा को नमन करते हुए कर रहा हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न और स्वर कोकिला स्व. शारदा सिन्हा को पद्म विभूषण देकर मिथिलावासियों का मान बढ़ाया है।”

उन्होंने कहा कि मिथिला की धरती संस्कृति, ज्ञान और प्रतिभा की प्रतीक है और भाजपा हमेशा से इस क्षेत्र के सम्मान को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रही है।अमित शाह ने मंच से भाजपा प्रत्याशी मैथिली ठाकुर के लिए वोट मांगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बिना किसी राजनीतिक बैकग्राउंड की 25 वर्षीय युवती को टिकट देकर एक नया संदेश दिया है।

सीएम या पीएम की सीट खाली नहीं है

अमित शाह ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा,“लालू और सोनिया को मैं साफ संदेश देना चाहता हूं कि न पीएम की सीट खाली है और न सीएम की। दिल्ली में नरेंद्र मोदी हैं और पटना में नीतीश कुमार हैं। दोनों ही अपने पदों पर मजबूती से काम कर रहे हैं।”उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस ने बिहार को भ्रष्टाचार, घोटालों और परिवारवाद में डुबो दिया था।“लालू-राबड़ी ने लैंड फॉर जॉब और बाढ़ राहत जैसे कई घोटाले किए। कांग्रेस ने भी 2004 से 2014 तक 12 लाख करोड़ के घोटाले किए थे।”

PFI वालों को जेल में डाला मोदी सरकार ने

गृह मंत्री ने कहा कि देश में आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी संगठनों पर सिर्फ मोदी सरकार ने सख्त कार्रवाई की है।“कांग्रेस और राजद के शासन में पीएफआई फल-फूल रहा था। लेकिन मोदी जी ने बैन लगाकर उन्हें जेल भेज दिया। अगर लालू और राहुल की सरकार बनी तो ये लोग फिर से पीएफआई वालों को जेल से बाहर निकाल देंगे।”अमित शाह ने मंच से बिहार और दरभंगा के लिए चल रही कई योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि PM मोदी के नेतृत्व में दरभंगा का चेहरा तेजी से बदल रहा है।

अमित शाह ने रैली के दौरान कहा कि दरभंगा में मेट्रो ट्रेन सेवा जल्द शुरू होगी। 216 करोड़ रुपये की लागत से शोभन-बायपास का निर्माण पूरा हुआ।पूर्णिया-पटना एक्सप्रेसवे की नींव रखी गई।कमला नदी पर नया पुल आजादी के बाद पहली बार बना।दरभंगा एम्स का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।अब किसी मरीज को इलाज के लिए दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा।44 लाख गरीबों के घर बन चुके हैं, और 20 लाख घरों की स्वीकृति हो चुकी है।मखाना बोर्ड की स्थापना की जा रही है, जिससे स्थानीय किसानों को बड़ा लाभ होगा।पश्चिमी कोसी नहर परियोजना से राज्य को बाढ़ मुक्त बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।पहले मतदान करें, फिर जलपान करें

अमित शाह ने कहा कि “6 नवंबर और 12 नवंबर को होने वाले मतदान में सबसे पहले वोट डालें, फिर जलपान करें। दरभंगा की 10 में से सभी सीटें एनडीए के खाते में जानी चाहिए। बिहार को जंगलराज से मुक्त कराने का यही चुनाव है।” उन्होंने कहा कि ND आज पांच पांडवों की तरह एकजुट होकर चुनाव लड़ रहा है – भाजपा, JDU, LJP, हम और RLSP पार्टियां मिलकर यहां चुनाव लड़ रही है ।“हमारे पास मोदी जी का नेतृत्व, नीतीश जी का अनुभव, चिराग पासवान का जोश, मांझी जी की तपस्या और कुशवाहा जी का ज्ञान सब साथ हैं।”

सभा के अंत में अमित शाह ने विपक्षी दलों पर फिर से निशाना साधते हुए कहा, कि “महागठबंधन नहीं, ये ठगबंधन है। ये लोग केवल परिवार की राजनीति करते हैं। लालू अपने बेटे को मुख्यमंत्री और सोनिया अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। लेकिन बिहार की जनता अब बहुत समझदार है।”

 

Exit mobile version