इतिहास में पहली बार, FIFA ने राजनीति में योगदान के लिए ट्रंप को शांति पुरस्कार देकर किया सम्मानित, FIFA 2026 वर्ल्ड कप का ड्रॉ बना स्पेशल

फुटबॉल की वैश्विक संस्था फीफा ने 2026 विश्व कप ड्रॉ के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अपने पहले ‘FIFA Peace Prize’ से सम्मानित किया। यह फैसला फीफा की पारंपरिक खेल-केंद्रित छवि से अलग एक बड़ा राजनीतिक और कूटनीतिक संदेश माना जा रहा है। वाशिंगटन के प्रतिष्ठित केनेडी सेंटर  में हुए इस कार्यक्रम में ट्रंप की मौजूदगी ने पूरे शो को चर्चा का केंद्र बना दिया।

फीफा का बड़ा कदम

फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने घोषणा की कि संस्था अब उन व्यक्तियों को पुरस्कृत करेगी, जिन्होंने वैश्विक शांति और देशों के बीच संवाद बढ़ाने के लिए असाधारण कदम उठाए हैं।इन्फेंटिनो ने ट्रंप को सम्मानित करते हुए कहा कि “यह आपका पुरस्कार है, यह आपका शांति पुरस्कार है। दुनिया को जोड़ने और शांति की दिशा में आपके प्रयास असाधारण हैं।”फीफा के मंच पर यह पहला मौका था जब किसी विश्व नेता को खेल जगत के बाहर की उपलब्धियों के लिए इतनी बड़ी मान्यता दी गई।डोनाल्ड ट्रंप लंबे समय से नोबेल शांति पुरस्कार की इच्छा जाहिर करते रहे हैं। गाजा संघर्ष और रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए उनके प्रयासों को लेकर अमेरिकी राजनीति में खूब बहस होती रही है।इस पृष्ठभूमि में फीफा का यह सम्मान ट्रंप के लिए एक बड़ी राजनीतिक जीत माना जा रहा है।सम्मान समारोह से पहले दिखाए गए वीडियो में ट्रंप के गाजा में संघर्ष विराम की कोशिशों और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में उनकी भूमिका की प्रशंसा की गई।पुरस्कार के रूप में उन्हें गोल्ड-प्लेटेड ग्लोब ट्रॉफी और एक विशेष मेडल भी दिया गया, जिसे उन्होंने मंच पर ही पहन लिया।

ट्रंप की प्रतिक्रिया

मंच पर ट्रंप पूरी तरह छाए रहे। उनकी एंट्री, तालियों की गूंज और पूरे कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए यह साफ था कि यह रात उनके नाम लिखी जा चुकी थी।ट्रंप ने कहा कि “मैं पुरस्कार लेने नहीं आया था, लेकिन यह मेरी जिंदगी के सबसे बड़े सम्मानों में से एक है… और उससे भी आगे।”उन्होंने दावा किया कि उन्होंने अपने कार्यकाल के 10 महीनों में “आठ युद्ध खत्म किए” और “लाखों जानें बचाईं।” हालांकि इस पर राजनीतिक हलकों में बहस जारी है।

ड्रॉ समारोह पूरी तरह ट्रंप स्टाइल

फीफा अध्यक्ष इन्फेंटिनो ने अपने खास अंदाज़ में तीनों उत्तर अमेरिकी नेताओं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप,कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम को गेम-शो स्टाइल के चमकीले पोडियम के पीछे खड़ा किया।ड्रॉ के बाद सभी ने मिलकर एक सेल्फी भी ली, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।इस पूरे इवेंट में फीफा की प्रस्तुति से अधिक, ट्रंप की उपस्थिति चमक रही थी।

संगीत, सितारे और भव्यता

कार्यक्रम की शुरुआत मशहूर इटैलियन टेनर आंद्रेया बोसेली के “नेसुन डोर्मा” परफॉर्मेंस से हुई-जो ट्रंप का पसंदीदा गीत है और उनकी राजनीतिक रैलियों में भी बजता रहा है।इसके बाद कई संगीत प्रस्तुति हुईं।विलेज पीपल का लाइव “YMCA” परफॉर्मेंस, जो ट्रंप के कार्यक्रमों की पहचान बन चुका है।स्पोर्ट्स जगत के बड़े नाम—टॉम ब्रैडी, शकील ओ’नील और एरॉन जज की उपस्थिति ने भी इवेंट की चमक बढ़ा दी।

2026 फीफा वर्ल्ड कप

2026 विश्व कप संयुक्त रूप से अमेरिका व कनाडा और मेक्सिको में आयोजित होगा।16 होस्ट शहरों में 11 जून से 19 जुलाई तक रिकॉर्ड 104 मैच खेले जाएंगे। यह फुटबॉल इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा टूर्नामेंट होगा।

फीफा द्वारा डोनाल्ड ट्रंप को पहला ‘शांति पुरस्कार’ देना न केवल खेल जगत के लिए ऐतिहासिक रहा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति में भी नया अध्याय जोड़ गया।

 

Exit mobile version