अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के कोरल स्प्रिंग्स इलाके में सोमवार सुबह एक छोटे टर्बोप्रॉप विमान का क्रैश हो गया। मिली जानकारी के अनुसार यह बीचक्राफ्ट किंग एयर विमान जमैका में आए तूफान मेलिसा के पीड़ितों के लिए राहत सामग्री लेकर जा रहा था।विमान हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।फोर्ट लॉडर्डेल एग्जीक्यूटिव एयरपोर्ट से सुबह लगभग 10:14 बजे उड़ान भरने वाले इस विमान का हादसा केवल पांच मिनट बाद 10:19 बजे हुआ। विमान एक गेटेड कॉलोनी के तालाब में जा गिरा। कोरल स्प्रिंग्स-पार्कलैंड फायर डिपार्टमेंट के डिप्टी चीफ ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा। तालाब में विमान के बड़े हिस्से नहीं मिले, केवल मलबा और ईंधन फैलाव दिखाई दिया। फायर डिपार्टमेंट और गोताखोरों ने पानी में खोज की, लेकिन शुरुआती प्रयासों में कोई शव तालाब से नहीं मिला। हादसे में एक घर की पिछली दीवार भी क्षतिग्रस्त हुई, जबकि आसपास के पेड़ उखड़ गए।

स्थानीय निवासियों के अनुभव
हादसे के समय घर में मौजूद लोगों ने बताया, “हम घर में थे तभी अचानक तेज आवाज आई, जैसे कुछ हमारे सिर के ऊपर से गुजर गया। विमान हमारे और पड़ोसी के घर के बीच से गुजरा और तालाब में गिरा। पूल और पोर्च पर ईंधन फैल गया, और बदबू के कारण सांस लेना मुश्किल हो गया। हम लोग बाल-बाल बचे।

पुलिस ने क्षेत्र को सील कर मंगलवार तक जांच जारी रखने की बात कही है। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने भी विमान हादसे की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी है।FAA रिकॉर्ड्स के अनुसार, यह विमान 1976 में निर्मित हुआ था और इसे इंटरनेशनल एयर सर्विसेज के नाम पर रजिस्टर्ड किया गया था। अधिकारियों ने लोगों से कहा है कि वे सुरक्षित रहें और जांच में सहयोग करें। FAA और NTSB की टीम विमान के मलबे का निरीक्षण कर रही है और प्रारंभिक रिपोर्ट जल्द जारी होने की संभावना है।









