BREAKING

DelhiIndia

भारत मंडपम प्रदर्शन मामला: दिल्ली पुलिस ने दो और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली के भारत मंडपम में हुए यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अजय कुमार विमल और राजा गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये गिरफ्तारी उसी प्रदर्शन से जुड़े मामले में की गई है।

इससे पहले भी दिल्ली पुलिस चार प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पटियाला हाउस कोर्ट ने इन चारों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पहले गिरफ्तार किए गए लोगों में बिहार से यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्ण हरि, बिहार आईवाईसी प्रदेश सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश आईवाईसी अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना के नरसिम्हा यादव शामिल हैं।

पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान देश विरोधी नारे लगाए गए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आपत्तिजनक तस्वीरों वाली टी-शर्ट पहनी गई थी। जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, तो इस दौरान तीन लोग घायल भी हो गए।

पुलिस अब इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इसमें यह पता लगाया जा रहा है कि प्रदर्शन के पीछे कोई साजिश तो नहीं थी, फंडिंग कहां से हुई और टी-शर्ट कहां छपवाई गई थीं। आरोपियों पर सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस पर हमला, आपत्तिजनक नारे लगाने और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

घटना बीते शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है, जब कुछ यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता क्यूआर कोड के जरिए कार्यक्रम स्थल में घुस गए। वे हॉल नंबर पांच की लॉबी तक पहुंच गए, जहां कई विदेशी मेहमान और बड़े अधिकारी मौजूद थे। अचानक उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे वहां अफरातफरी मच गई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी को बाहर निकाला।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Subscribe to Our Newsletter!

This will close in 0 seconds