थाईलैंड के सोंगखला प्रांत के रानोट जिले के बान खाओ सब-डिस्ट्रिक्ट में मू 3 क्षेत्र में एक शक्तिशाली बवंडर (लैंडस्पाउट) बना, जिसे स्थानीय लोगों ने “बवंडर जैसा पानी का गुबार” बताया। इस घटना ने कई घरों को भारी नुकसान पहुँचाया, हालांकि अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। स्थानीय अधिकारी नुकसान के मूल्यांकन और राहत कार्यों में जुटे हैं।यह घटना लगभग एक महीने पहले, अक्टूबर 2025 में बंग बो, समुत प्राकान में दिखाई दिए ऐसे ही एक पानी के गुबार के बाद हुई है, जिसने कई घरों को नुकसान पहुँचाया था। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, हाल के महीनों में थाईलैंड में तेज़ होते वायुमंडलीय बदलाव खतरनाक तूफ़ानी गतिविधियों को जन्म दे रहे हैं।

तेज़ मॉनसून ट्रफ के कारण दक्षिणी थाईलैंड में बाढ़ का संकट बढ़ता जा रहा है। सोंगखला सहित कम से कम छह दक्षिणी प्रांतों में हालात बेहद खराब हैं।इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर व सैटेलाइट इमेजरी के अनुसार 16 ज़िले, 100 सब-डिस्ट्रिक्ट,637 गाँव और 4.65 लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। अब तक 235 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जबकि कईं इलाकों में राहत कार्य अभी भी जारी है।
हाट याई पूरी तरह रेड ज़ोन में
सोमवार शाम को हालात बिगड़ने के बाद सोंगखला के गवर्नर रत्थासर्ट चिडचू ने हाट याई और आसपास के जिलों को रेड ज़ोन घोषित कर दिया। लगातार भारी बारिश और ऊँचे इलाकों से पानी के बहाव के कारण पूरे हाट याई को तत्काल खाली कराने का आदेश जारी किया गया। एयरबोट में सवार राहत कर्मी बाढ़ में डूबी इमारतों के बीच से लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
सरकार की आपात बैठक
23 नवंबर 2025 को सोंगखला प्रोविंशियल हॉल में गवर्नर रट्टासार्ट चिडचू ने बाढ़, तूफ़ान और भू-स्खलन से निपटने के लिए डिज़ास्टर कमांड सेंटर की आपात बैठक की अध्यक्षता की थी।बैठक में राहत कार्य तेज़ करने, अधिक नावें भेजने और प्रभावित क्षेत्रों में भोजन व मेडिकल सहायता बढ़ाने का निर्देश जारी किए गए थे।राहत टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं, लेकिन स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।










