BREAKING

AAJ KA VICHAR 1 day ago
Pakistan

ISLAMABAD कोर्ट के बाहर हुआ जोरदार धमाका, 12 लोगों की मौत,21 से अधिक लोग घायल, इलाके में मची अफरा-तफरी

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद मंगलवार दोपहर उस वक्त दहल उठी जब डिस्ट्रिक्ट एंड सेशन कोर्ट के बाहर एक जोरदार धमाका हुआ। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस विस्फोट में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हुए हैं। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि यह छह किलोमीटर दूर स्थित पुलिस लाइन्स हेडक्वार्टर तक सुनी गई।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमाका अदालत परिसर के पार्किंग एरिया में हुआ, जहां कई गाड़ियां खड़ी थीं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए और आसपास की दुकानों व इमारतों के शीशे टूट गए।धमाके के तुरंत बाद रेस्क्यू टीम, पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर इलाके को घेर लिया और घायलों को इस्लामाबाद के PIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन ने आपातकाल घोषित कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार विस्फोट एक आत्मघाती हमला था। जांच टीमों को घटनास्थल से हमलावर का सिर और शरीर के कुछ अवशेष मिले हैं, जिससे यह संभावना लगभग पुख्ता मानी जा रही है।विस्फोटक पदार्थ एक कार में लगाया गया था, जो कोर्ट के मुख्य गेट के पास पार्क की गई थी। फिलहाल बम डिस्पोजल स्क्वॉड और सुरक्षा एजेंसियां विस्फोट के कारणों की गहराई से जांच कर रही हैं।

धमाके के समय कोर्ट परिसर में भारी भीड़ थी

यह विस्फोट दोपहर करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच हुआ, जब अदालत परिसर में वकीलों, याचिकाकर्ताओं और नागरिकों की भारी भीड़ थी।धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।पुलिस ने तत्काल कोर्ट भवन को खाली कराया, न्यायाधीशों और अन्य कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी DIG और चीफ कमिश्नर ने जांच की निगरानी शुरू की।

गैस सिलेंडर या कार बम? 

शुरुआती जांच में अधिकारियों ने कहा कि यह कार में लगे गैस सिलेंडर का विस्फोट भी हो सकता है, लेकिन आत्मघाती हमले की संभावना से इंकार नहीं किया गया है।फॉरेंसिक विभाग की टीम यह पता लगा रही है कि विस्फोट में कौन सा विस्फोटक पदार्थ इस्तेमाल किया गया था और कार अदालत परिसर में कब से खड़ी थी।

 

इस्लामाबाद धमाके से ठीक एक दिन पहले, पाकिस्तानी सेना ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के वाना शहर में स्थित एक आर्मी कैडेट कॉलेज पर आतंकी हमले की साजिश को नाकाम किया था।छह तालिबान आतंकियों ने कॉलेज पर समन्वित हमला करने की योजना बनाई थी। सेना की जवाबी कार्रवाई में दो आतंकी मारे गए, जबकि तीन कॉलेज परिसर में घिर गए थे।इस दौरान 16 नागरिक और कुछ सैनिक घायल हुए थे, और आसपास के कई घरों को नुकसान पहुंचा था।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है वीडियो

पाकिस्तान की इस्लामाबाद कोर्ट मे हुए धमाके की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वाहनों से धुआं निकल रहा है और मलबे के बीच शव बिखरे हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे जी-11 सेक्टर को सील कर दिया है और आसपास के सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है।

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Subscribe to Our Newsletter!

This will close in 0 seconds