कभी-कभी छोटी-सी लापरवाही बड़ी परेशानी की वजह बन जाती है। देर रात नहाने के बाद शावर का नल खुला रह जाना आमतौर पर पानी की बर्बादी तक सीमित रहता है, लेकिन कड़ाके की ठंड में यही भूल खतरनाक हालात पैदा कर सकती है। हाल ही में एक महिला के घर कुछ ऐसा ही हुआ, जब पूरी रात बहता पानी सुबह तक जमकर बर्फ में बदल गया और पूरा इलाका फिसलन भरा हो गया…दरअसल, महिला ने रात में शावर लेने के बाद अपने घर के सोलर वॉटर हीटर का नल बंद नहीं किया। इसके चलते टंकी से पूरी रात पानी बहता रहा। इसी दौरान तापमान शून्य से काफी नीचे चला गया, जिससे बहता पानी तेजी से जमने लगा। छत से गिरता पानी सड़क और पैदल रास्तों पर फैल गया और देखते ही देखते मोटी बर्फ की परत जम गई।

सुबह तक हालात ऐसे हो चुके थे कि पूरा इलाका किसी खुले स्केटिंग रिंक जैसा नजर आने लगा। सड़कों और फुटपाथों पर फिसलन इतनी बढ़ गई कि लोगों के गिरने का खतरा पैदा हो गया। सुबह करीब छह बजे महिला के पिता रोज की तरह टहलने के लिए बाहर निकले। बाहर कदम रखते ही उन्होंने देखा कि सड़क पूरी तरह बर्फ से ढकी हुई है और पानी अब भी बह रहा है।
शुरुआत में उन्हें लगा कि यह पानी किसी और के घर से आ रहा होगा, लेकिन ध्यान से देखने पर पता चला कि सारा पानी उनके ही घर से निकल रहा है। तब तक काफी देर हो चुकी थी और बर्फ की मोटी परत जम चुकी थी, जिससे राहगीरों के लिए स्थिति खतरनाक बन गई थी।
हालात की गंभीरता को देखते हुए परिवार तुरंत हरकत में आया। महिला की मां ने आसपास की दुकानों से जितना नमक मिला, सब खरीद लिया ताकि बर्फ को पिघलाया जा सके। वहीं पिता और बेटी ने मिलकर जमी बर्फ हटाने की कोशिश शुरू की। सोसायटी का स्टाफ भी मदद के लिए आगे आया और धीरे-धीरे रास्तों को सुरक्षित बनाया गया।
महिला ने बाद में एक वीडियो जारी कर अपनी गलती स्वीकार की और पड़ोसियों से माफी मांगी। उसने कहा कि नमक खत्म हो जाने की वजह से अगर किसी को परेशानी हुई हो तो उसे इसका खेद है। सोशल मीडिया पर यह घटना तेजी से वायरल हो गई, जहां कुछ लोगों ने इसे मजेदार बताया, तो कई ने हैरानी जताई और दूसरों को इससे सबक लेने की सलाह दी।
यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि सर्दियों में घर के पानी के नल और हीटर जैसी चीज़ों को लेकर थोड़ी-सी सावधानी भी बड़े हादसे से बचा सकती है।







