BREAKING

4 days ago
World News

ASEAN SUMMIT 2025:अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का मलेशिया में शानदार स्वागत, थाईलैंड-कंबोडिया के शांति समझौते पर करवाए हस्ताक्षर, ट्रम्प बने मध्यस्थ

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प रविवार मलेशिया के दौरे पर पहुंचे, जहां उनका स्वागत बेहद भव्य और फिल्मी अंदाज में किया गया। एयर फ़ोर्स वन से उतरते ही ट्रम्प ने अपनी फेमस ‘लहर’ के साथ-साथ पारंपरिक संगीत की धुनों पर छोटे-छोटे डांस मूव्स दिखाए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।

कुआलालंपुर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और वरिष्ठ अधिकारियों ने रेड कार्पेट पर उनका भव्य स्वागत किया। मलेशियाई पारंपरिक नृत्य और झंडों की झलक के बीच राष्ट्रपति ट्रम्प ने नर्तकों के साथ कमर लचकाते हुए थिरकते हुए फोटो भी खिंचवाएं।

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच शांति समझौता

ट्रम्प के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य थाईलैंड और कंबोडिया के बीच पांच दिनों तक चले हिंसक संघर्ष को समाप्त करने के लिए शांति समझौते पर हस्ताक्षर करना था। जुलाई में इस सीमा विवाद में 48 लोग मारे गए थे और हजारों लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए थे।

समारोह में कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुरुतिन चार्नविराकुल ट्रम्प और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम मौजूद रहे। थाईलैंड ने 18 कंबोडियाई सैनिकों को रिहा करने की भी घोषणा की।ट्रम्प ने इस ऐतिहासिक मौके पर कहा, जिसे लोग असंभव मान रहे थे, उसे हमने संभव कर दिखाया। अमेरिका इन दोनों देशों के साथ मजबूत व्यापार और सहयोग करेगा, जब तक वे शांति से रहते हैं।

आसियान समिट में भारत और अमेरिका की भागीदारी

कुआलालंपुर में आज से 47वीं आसियान शिखर सम्मेलन की शुरुआत हुई, जिसमें दक्षिण-पूर्व एशिया के 10 देशों ने व्यापार, सुरक्षा, शिक्षा और संस्कृति जैसे मुद्दों पर चर्चा की। इस साल की थीम है “Inclusivity and Sustainability”

भारत की तरफ से विदेश मंत्री एस जयशंकर समिट में उपस्थित हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधन किया। PM मोदी ने कहा कि 21वीं सदी भारत और आसियान की सदी है और उन्होंने इस वर्ष को ‘भारत-आसियान समुद्री सहयोग का साल’ घोषित किया। इसके तहत शिक्षा, विज्ञान, पर्यटन, स्वास्थ्य, हरित ऊर्जा और साइबर सुरक्षा में सहयोग बढ़ाया जाएगा।

अमेरिका और वियतनाम के बीच व्यापार समझौता

ट्रम्प के दौरे के दौरान अमेरिका और वियतनाम ने आपसी व्यापार बढ़ाने के लिए समझौते पर सहमति जताई। इस समझौते के तहत दोनों देशों के निर्यातकों को एक-दूसरे के बाजार में प्रवेश आसान होगा, जिससे आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे।

थाईलैंड-अमेरिका व्यापार समझौता

अमेरिका और थाईलैंड के बीच 99% उत्पादों पर टैरिफ हटाने और महत्वपूर्ण खनिजों में सहयोग के लिए समझौते का ढांचा तय हुआ है। इसके तहत अमेरिका थाईलैंड से कृषि, ऊर्जा और विमान खरीद में भी सहयोग करेगा।

ब्राजील के राष्ट्रपति लूला से मुलाकात

ट्रम्प ने मलेशिया में ब्राजील के राष्ट्रपति से मुलाकात की, जिसमें दोनों देशों के बीच व्यापारिक मुद्दों पर चर्चा हुई। अगस्त में अमेरिका ने ब्राजील पर 50% शुल्क लगाया था, जिसे इस बैठक में सुलझाने की कोशिश की गई।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Subscribe to Our Newsletter!

This will close in 0 seconds