क्रिसमस से एक दिन पहले मेक्सिको में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पूर्वी मेक्सिको के वेराक्रूज़ राज्य स्थित ज़ोंटेकोमाटलान नगर पालिका में तेज रफ्तार बस के पलटने से एक बच्चे सहित 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य घायल हो गए। यह हादसा बुधवार, 24 दिसंबर को हुआ।स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हादसे का शिकार हुई बस मैक्सिको सिटी से चिकोंटेपेक गांव की ओर जा रही थी। ज़ोंटेकोमाटलान के पास पहाड़ी और संकरी सड़क पर चलते समय बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई और खाई में जा गिरी। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार या मैकेनिकल खराबी मानी जा रही है।
ज़ोंटेकोमाटलान नगर पालिका प्रशासन ने अपने आधिकारिक बयान में पुष्टि की है कि मृतकों में 9 वयस्क और एक नाबालिग शामिल है। घायलों की सूची भी जारी की गई है, जिन्हें नजदीकी अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों का इलाज जारी है।

राज्य के नागरिक सुरक्षा सचिवालय के मुताबिक, दुर्घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
मेक्सिको में सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। खासतौर पर बस और ट्रक तेज रफ्तार, खराब सड़कों और यांत्रिक खामियों के कारण अक्सर हादसों का शिकार होते हैं। नवंबर के अंत में भी पश्चिमी राज्य मिचोआकान में एक बस हादसे में 10 लोगों की मौत और 20 के घायल होने की खबर सामने आई थी।
क्रिसमस से पहले हुए इस ताजा हादसे ने एक बार फिर मेक्सिको में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।










