खबर दिल्ली से है ED की जांच के बाद अब दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। क्राइम ब्रांच ने यूनिवर्सिटी के चेयरमैन जवाद अहमद सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को 4 दिन की कस्टडी मिली है।
UGC की शिकायत से शुरू हुई जांच
इस पूरे मामले की शुरुआत यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) की शिकायत से हुई थी। UGC ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित फर्जीवाड़े और नियमों के उल्लंघन को लेकर दिल्ली पुलिस को जानकारी दी थी। इसी आधार पर क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की और मामले में दो अलग-अलग FIR दर्ज की गईं…पुलिस के अनुसार, अल-फलाह यूनिवर्सिटी पर शैक्षणिक नियमों की अनदेखी और बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े के गंभीर आरोप हैं। जांच में सामने आया है कि दाखिले, डिग्री वितरण और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में अनियमितताएं की गईं। आरोप है कि छात्रों को गुमराह किया गया और UGC के नियमों के खिलाफ काम किया गया।

पहले से जांच कर चुकी है ED
इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय भी अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े मामलों की जांच कर चुका है। ED को आशंका है कि शैक्षणिक अनियमितताओं के जरिए आर्थिक लेन-देन में भी गड़बड़ी की गई। इसी सिलसिले में दस्तावेजों की जांच और कई लोगों से पूछताछ पहले ही की जा चुकी है..दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने जवाद अहमद सिद्दीकी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां मामले की गंभीरता को देखते हुए 4 दिन की पुलिस कस्टडी मंजूर की गई। इस दौरान पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और फर्जीवाड़े की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश करेगी।
जांच जारी, और गिरफ्तारियों के संकेत
पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और जरूरत पड़ने पर और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। साथ ही, अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े छात्रों और अभिभावकों के हितों से जुड़े सभी पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।










