साल 1958 के बाद सबसे कम समय तक प्रधानमंत्री बने सेबेस्टियन लेकोर्नु

फ्रांस: प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नु ने इस्तीफा दिया, एक महीने से भी कम रहा कार्यकाल

पेरिस: फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नु ने सोमवार को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। लेकोर्नु का कार्यकाल केवल एक महीने से भी कम रहा, और इसके साथ ही वह साल 1958 के बाद सबसे कम समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले नेता बन गए हैं।लेकॉर्नु के इस्तीफे के बाद फ्रांस में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ गई है। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पर भी दबाव बढ़ गया है। मैक्रों अब तक तीन असफल अल्पमत सरकारों का नेतृत्व कर चुके हैं, और लेकोर्नु का इस्तीफा उनके लिए और चुनौतीपूर्ण मोड़ साबित हुआ है।

सेबेस्टियन लेकोर्नु को 9 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया था। कुछ ही हफ्तों में उन्होंने अपना मंत्रिमंडल घोषित किया, जिसमें 18 नाम शामिल थे। इनमें से 12 नाम पिछली सरकार से लिए गए थे, जिसके कारण लेकोर्नु को अपनी पार्टी और विपक्ष दोनों से आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।लेकॉर्नु मंगलवार को नेशनल असेंबली में अपनी सरकार का रोडमैप पेश करने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उनका इस्तीफा हो गया। राजनीतिक विश्लेषक इसे फ्रांस की स्थिरता और राजनीतिक चुनौतियों का संकेत मान रहे हैं।

लेकॉर्नु के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति मैक्रों को नई सरकार बनाने और प्रधानमंत्री की नियुक्ति करने की जरूरत होगी। इसके साथ ही फ्रांस की राजनीति में अगले कुछ दिनों में संभावित बड़े बदलाव और नीतिगत फैसले आने की संभावना है।

 

Exit mobile version