धर्मशाला एक बार फिर क्रिकेट रोमांच के लिए तैयार है। HPCA स्टेडियम में 14 दिसंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को सफल बनाने की कामना के लिए HPCA ने स्थानीय इंद्रुनाग मंदिर में 23 नवंबर को पूजा और हवन का आयोजन तय किया है। हवन सुबह 9:30 बजे शुरू होगा और 12:30 बजे कन्या पूजन एवं भंडारा आयोजित किया जाएगा।HPCA के मानद सचिव अविनाश परमार ने बताया कि बड़े मैचों से पहले मंदिर में पूजा करवाना उनकी पुरानी परंपरा है। इससे खेल आयोजन के लिए सकारात्मक माहौल बनता है।
पर्यटन और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
धर्मशाला में मैच की घोषणा के बाद से ही होटलों में बुकिंग बेहद तेज़ी से बढ़ी है। कारोबारियों को उम्मीद है कि मैच से पहले और मैच के दिन हजारों क्रिकेट प्रेमी और पर्यटक शहर पहुंचेंगे, जिससे
होटल,रेस्टोरेंट,टैक्सी सर्विस,बाजार में रौनक बढ़ जाएगी।प्रशासन ने बरसात में क्षतिग्रस्त हुई सभी मुख्य सड़कों की मरम्मत पूरी कर ली है और आने वाले मेहमानों के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।

हाइब्रिड पिच पर होगा रोमांचक मुकाबला
धर्मशाला HPCA स्टेडियम की पिच अब हाइब्रिड तकनीक पर आधारित है, जिसमें प्राकृतिक घास के साथ सिंथेटिक फाइबर का मिश्रण उपयोग होता है। इससे—
पिच ज्यादा टिकाऊ रहती है मैच मनोरंजक हो पाता है ग्राउंड स्टाफ को देखभाल में आसानी होती है
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर एडम गिलक्रिस्ट भी इस पिच की तारीफ कर चुके हैं, जिससे दर्शकों में मैच को लेकर और अधिक उत्साह है
धर्मशाला का यह मुकाबला न केवल क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास होगा, बल्कि स्थानीय पर्यटन और अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बढ़ावा देगा। मेहमानों के स्वागत के लिए शहर पूरी तरह तैयार है और 14 दिसंबर का इंतजार रोमांच से भरा है।