सोशल मीडिया की दुनिया में फिर एक बार तकनीकी दिक्कतों का सिलसिला देखने को मिला है। एलन मस्क के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) के डाउन होने की खबरें सामने आ रही हैं। इंटरनेट पर हजारों यूजर्स ने शिकायत दर्ज कराई है कि वे ऐप और वेबसाइट को इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि वे X ऐप पर नई पोस्ट नहीं देख पा रहे हैं और न ही अपनी पोस्ट शेयर कर पा रहे हैं। इस तकनीकी गड़बड़ी का असर सिर्फ X तक सीमित नहीं रहा। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि ChatGPT, Spotify और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी प्रभावित हुए हैं।कई यूजर्स सोशल मीडिया पर अपनी असुविधा व्यक्त करते हुए लिख रहे हैं कि ऐप और वेबसाइट सही से काम नहीं कर रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के अचानक डाउन होने से यूजर्स में असमंजस और परेशानी की स्थिति बन गई है।

तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि इस परेशानी के पीछे क्लाउडफ्लेयर (Cloudflare) सर्वर्स में हुई गड़बड़ी हो सकती है। क्लाउडफ्लेयर एक प्रमुख इंटरनेट इंफ्रास्ट्रक्चर और वेब सर्विस प्रोवाइडर कंपनी है, जो कई वेबसाइट्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के सर्वर और नेटवर्क को मेनटेन करती है।जब क्लाउडफ्लेयर के सर्वर में कोई समस्या आती है, तो इसके प्रभाव से जुड़े कई प्लेटफॉर्म्स और वेबसाइट्स एक साथ डाउन हो सकते हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इस समस्या से कितनी साइट्स प्रभावित हुई हैं और क्या यह समस्या सभी यूजर्स के लिए समान रूप से हो रही है।इस बीच, क्लाउडफ्लेयर और X की टीम ने अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। तकनीकी विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे डाउनटाइम्स आम तौर पर कुछ घंटों में ठीक हो जाते हैं, लेकिन प्रभावित यूजर्स को असुविधा झेलनी पड़ सकती है।