दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ए और बांग्लादेश ए के बीच जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। मैच का नतीजा आखिरी गेंद और फिर सुपर ओवर में जाकर तय हुआ, जहाँ बांग्लादेश ए ने भारत ए को मात देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।टॉस जीतकर भारत ए के कप्तान जितेश शर्मा ने गेंदबाजी का फैसला लिया। बांग्लादेश की शुरुआत शानदार रही।

हबिबुर रहमान सोहन और जिशान आलम ने शुरुआती साझेदारी में 43 रन जोड़ दिए। जिशान 14 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन रहमान एक छोर पर टिके रहे और उत्कृष्ट 65 रन की पारी खेली।इसी बीच मध्यक्रम में मैच थोड़ा-सा लड़खड़ाया।लेकिन फिर SM मेहरोब ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की।सिर्फ 18 गेंदों पर 48 रन एक चौका और 6 छक्के के साथ बांग्लादेश को 20 ओवर में 6 विकेट पर 194 रन तक पहुँचा दिया।
भारत ए की तेज शुरुआत
195 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ए टीम की शुरुआत तूफानी रही।पहले ही 3 ओवर में टीम ने 49 रन ठोक दिए।वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 15 गेंदों पर 38 रन बनाकर टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई।लेकिन उनके आउट होते ही रन गति धीमी हो गई।नमन धीर (7) जल्दी आउट हुए।इसके बाद प्रियांश आर्या ने 23 गेंद पर शानदार 44 रन बनाकर टीम को संभाला और स्कोर को 100 के करीब पहुँचा दिया।अंत में कप्तान जितेश शर्मा (33) और नेहल वढेरा ने टीम को 150 तक पहुँचाया, लेकिन यहाँ से भी टीम लगातार विकेट खोती रही। मैच आखिरी ओवर तक पहुंच चुका था और तनाव चरम पर था।
आखिरी गेंद का ड्रामा
भारत को आखिरी गेंद पर 4 रन चाहिए थे।हर्ष दुबे ने शॉट लगाया और रन लेने दौड़े।इस दौरान बांग्लादेश के कप्तान और विकेटकीपर अकबर अली ने रन आउट करने के लिए गेंद स्टंप्स की ओर फेंकी, लेकिन गेंद स्टंप्स को मिस करती हुई ऑफ साइड की ओर निकल गई।इस मौके का फायदा उठाते हुए हर्ष दुबे और नेहल वढेरा ने 3 रन चुरा लिए।भारत का स्कोर 194 हो गया और मैच टाई हो गया।

सुपर ओवर
भारत ए ने सुपर ओवर में बल्लेबाजी के लिए कप्तान जितेश शर्मा और रमनदीप सिंह को भेजा गया।सबको उम्मीद थी कि विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भेजा जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।बांग्लादेश के लिए रिपोन मॉन्डल गेंदबाजी करने उतरे और उन्होंने पहली ही गेंद पर यॉर्कर डालते हुए जितेश को बोल्ड कर दिया।दूसरी गेंद पर आशुतोष शर्मा आए, लेकिन उन्होंने ऊँचा शॉट खेला और कैच आउट हो गए।भारत सुपर ओवर की पूरा ओवर खेले बिना ही 0 रन पर ऑल आउट हो गया।
बांग्लादेश के लिए आसान लक्ष्य
बांग्लादेश ए को जीत के लिए सिर्फ 1 रन चाहिए था।सुयश शर्मा गेंदबाजी करने आए। उन्होंने पहली गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश कर रहे यासिर अली का कैच रमनदीप के हाथों करवा दिया।लेकिन अगली गेंद वाइड चली गई और इस एक रन के साथ बांग्लादेश ने फाइनल में प्रवेश कर लिया।









