भारत और श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का आगाज आज 21 दिसंबर से होने जा रहा है। पहला मुकाबला विशाखापट्टनम के ACA-VDCA क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह सीरीज दोनों टीमों के लिए महिला टी20 विश्व कप 2026 की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।वनडे विश्व कप 2025 में ऐतिहासिक खिताब जीतने के बाद यह भारतीय महिला टीम की पहली अंतरराष्ट्रीय सीरीज होगी। कप्तान हरमनप्रीत कौर, उप-कप्तान स्मृति मंधाना, ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा समेत सभी प्रमुख खिलाड़ी एक्शन में नजर आएंगे।

वनडे विश्व कप जीत के बाद पहली बार मैदान में उतरेगी टीम इंडिया
नवंबर में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर अपना पहला ICC वनडे विश्व कप खिताब जीता था। अब टीम का पूरा फोकस छोटे प्रारूप यानी टी20 क्रिकेट पर है, जहां अगले साल महिला टी20 विश्व कप खेला जाना है।भारत ने आखिरी टी20 सीरीज जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ खेली थी, जिसमें टीम ने 3-2 से जीत दर्ज की थी। वहीं श्रीलंका ने मार्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी पिछली टी20 सीरीज खेली थी, जो 1-1 से ड्रॉ रही थी।
स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा के सामने ऐतिहासिक मौका
इस सीरीज में भारतीय टीम की दो स्टार खिलाड़ी रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराने के बेहद करीब हैं। स्मृति मंधाना महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4000 रन पूरे करने से महज 18 रन दूर हैं। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय बल्लेबाज बन सकती हैं।अब तक मंधाना ने 153 टी20 मैचों में 3982 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं।ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा महिला टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बनने की दहलीज पर हैं। फिलहाल यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट (151 विकेट) के नाम है।दीप्ति ने 129 मैचों में 147 विकेट झटके हैं और वह महिला टी20 में 1000 रन + 150 विकेट का डबल पूरा करने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर भी बन सकती हैं।

युवा खिलाड़ियों पर भी रहेगी नजर
श्रीलंका सीरीज के लिए भारतीय टीम में कुछ नए और युवा चेहरों को भी मौका दिया गया है।17 वर्षीय जी कमालिनी जोकि बाएं हाथ की उभरती बल्लेबाज हैं और वैष्णवी शर्मा को लेफ्ट-आर्म स्पिनर, अंडर-19 विश्व कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाली प्लेयर को टीम में इस बार मौका मिला है।राधा यादव की गैरमौजूदगी में वैष्णवी शर्मा को श्री चरणी के साथ स्पिन आक्रमण संभालने का मौका मिल सकता है। टीम मैनेजमेंट युवा खिलाड़ियों को परखने के साथ अनुभवी खिलाड़ियों की फॉर्म पर भी खास नजर रखेगा।
श्रीलंका की टीम भी तैयार
चामरी अटापट्टू की कप्तानी में श्रीलंकाई महिला टीम भी इस सीरीज को विश्व कप की तैयारी के रूप में देख रही है। टीम युवा खिलाड़ियों को आजमाने के इरादे से मैदान में उतरेगी और भारत को कड़ी चुनौती देने की कोशिश करेगी।










