BREAKING

Sports

भारत और साउथ अफ्रीका का 5 मैचों की टी-20 सीरीज का आखिरी मुकाबला आज,अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा मैच

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला आज, 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले लखनऊ में खेला जाने वाला चौथा टी20 मैच घने कोहरे के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया था। ऐसे में अब सीरीज का फैसला सीधे आखिरी मुकाबले से होगा।

फिलहाल टीम इंडिया सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाए हुए है। यदि भारत यह मैच जीतता है, तो वह सीरीज को 3-1 से अपने नाम कर लेगा। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की टीम इस मुकाबले को जीतकर सीरीज 2-2 से बराबर करने की पूरी कोशिश करेगी। ऐसे में यह मैच किसी फाइनल से कम नहीं माना जा रहा है।

भारत की नजर लगातार जीत के रिकॉर्ड पर

टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद से भारतीय टीम का टी20 फॉर्म शानदार रहा है। भारत इस दौरान न सिर्फ अजेय रहा है, बल्कि उसने कोई भी टी20 सीरीज नहीं गंवाई है। टीम इंडिया अब तक छह टी20 सीरीज और एशिया कप जीत चुकी है। अगर भारत आज जीत दर्ज करता है, तो यह उसकी लगातार सातवीं टी20 सीरीज जीत होगी।2023 से अब तक भारत ने एशियाई खेलों, टी20 वर्ल्ड कप और एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है। इस दौरान टीम ने नौ टी20 सीरीज जीती हैं और सिर्फ एक सीरीज ड्रॉ रही है, जो 2023-24 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही खेली गई थी।

दक्षिण अफ्रीका के लिए सम्मान बचाने की चुनौती

दक्षिण अफ्रीका ने हाल ही में भारत को टेस्ट सीरीज में 2-0 से हराया है और अब उसकी नजर टी20 सीरीज को बराबरी पर खत्म करने पर होगी। सीरीज ड्रॉ कराना प्रोटियाज टीम के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी।

इन खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पर एक बार फिर सभी की नजरें होंगी। उनसे उम्मीद की जा रही है कि वह इस अहम मुकाबले में बड़ी पारी खेलकर अपनी खोई हुई लय वापस पाएं।वहीं, शुभमन गिल के खेलने पर संशय बना हुआ है, क्योंकि लखनऊ टी20 से पहले उनके पैर के अंगूठे में चोट लग गई थी। अच्छी खबर यह है कि तीसरे टी20 में नहीं खेलने वाले जसप्रीत बुमराह इस मुकाबले के लिए उपलब्ध हैं।

रोमांचक मुकाबले की उम्मीद

सीरीज दांव पर होने के चलते दोनों टीमें इस मुकाबले में अपना पूरा जोर लगाएंगी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच में दर्शकों को एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Subscribe to Our Newsletter!

This will close in 0 seconds