BREAKING

4 days ago
DelhiSports

ब्लाइंड T20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय महिला टीम से मिले PM मोदी, अपने हाथों से खिलाई मिठाई

पहला ब्लाइंड महिला टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली टीम को पीएम ने बधाई दी और खिलाड़ियों के साथ ट्रॉफी उठाकर जश्न भी मनाया। खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री को अपने साइन किया हुआ बैट भेंट किया, जबकि पीएम मोदी ने भी टूर्नामेंट बॉल पर हस्ताक्षर किए।

भारत ने रचा इतिहास

भारतीय टीम ने अपने पहले ही ब्लाइंड विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। 23 नवंबर को कोलंबो में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने नेपाल को 7 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। इससे पहले भारतीय पुरुष दृष्टिबाधित टीम कई बार टी20 और वनडे विश्व कप जीत चुकी है, लेकिन महिला टीम का यह पहला वैश्विक खिताब है। मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने सभी खिलाड़ियों से विश्व कप से जुड़ी रोमांचक कहानियाँ सुनीं। खिलाड़ी भी इस दौरान बेहद सहज नजर आईं। प्रधानमंत्री ने उन्हें देश का गौरव बताते हुए कहा कि यह जीत सिर्फ खेल की नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन और आत्मविश्वास की जीत है।मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को अपने हाथ से मिठाई खिलाई, जो इस समारोह का सबसे विशेष क्षण रहा।

9 राज्यों से चुनी गई 16 सदस्यीय भारतीय टीम

भारतीय टीम की कप्तानी कर्नाटक की दीपिका टीसी ने की। यह टीम देश के कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, दिल्ली, असम और बिहार सहित 9 राज्यों से चुनी गई 16 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से बनी थी।खिलाड़ियों को स्कूलों, NGO और सामुदायिक कैम्पसों में आयोजित कार्यक्रमों में ब्लाइंड क्रिकेट के बारे में जागरूक किया गया और बाद में इन्हें राष्ट्रीय टीम के ट्रायल में मौका मिला।

टूर्नामेंट का सफर

11 नवंबर से शुरू हुए ब्लाइंड विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में भारत, नेपाल, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, पाकिस्तान और अमेरिका ने हिस्सा लिया। हर टीम ने ग्रुप स्टेज में एक-दूसरे के खिलाफ 5-5 मैच खेले।भारत का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा और टीम एक भी मैच नहीं हारी। टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में श्रीलंका को 10 विकेट से,ऑस्ट्रेलिया को 209 रन से,नेपाल को 85 रन से व अमेरिका को 10 विकेट से और पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया।सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से मात दी और अंत में फाइनल में नेपाल को 7 विकेट से हराकर भारत ने खिताब जीत लिया।

ब्लाइंड क्रिकेट कैसे खेला जाता है?

ब्लाइंड क्रिकेट सामान्य क्रिकेट से अलग नियमों के साथ खेला जाता है।इसमें प्लास्टिक बॉल का उपयोग किया जाता है, जिसके अंदर लोहे की बैरिंग होती है। बॉल टप्पा खाने पर आवाज करती है।क्रिकेट टीम में तीन तरह की खिलाड़ी होते हैं B1 (पूरी तरह दृष्टिबाधित), B2 और B3 (आंशिक दृष्टिबाधित)टीम में तीनों श्रेणियों की खिलाड़ियों का होना अनिवार्य है।गेंदबाज अंडरआर्म बॉलिंग करते हैं।B1 बैटर्स के रनर होते हैं और उनके द्वारा बनाए गए हर रन को दो रन माना जाता है।यह खेल खिलाड़ियों की शानदार सुनने की क्षमता, फोकस और जजमेंट पर आधारित होता है।

एबल्ड विमेंस टीम भी बनी थी वर्ल्ड चैंपियन

महिला क्रिकेट के लिए यह साल ऐतिहासिक साबित हुआ है।ब्लाइंड क्रिकेट टीम की जीत से पहले, 2 नवंबर को हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय एबल्ड महिला क्रिकेट टीम ने भी अपना पहला वनडे विश्व कप जीता था। उन्होंने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया और फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराया था।सिर्फ 21 दिनों के भीतर भारत की दोनों महिला टीमों का विश्व चैंपियन बनना, क्रिकेट में भारत की बढ़ती ताकत को दिखाता है।

महिला वनडे विश्व कप, पुरुष दृष्टिबाधित टी20 और वनडे विश्व कप, और अब ब्लाइंड महिला टी20 विश्व कप इन सभी खिताबों को जीतकर भारत ने यह साबित कर दिया है कि क्रिकेट के हर प्रारूप और हर श्रेणी में भारतीय टीमें मजबूत और लगातार सफल होती जा रही हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Subscribe to Our Newsletter!

This will close in 0 seconds