सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) पर शनिवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला खेला जा रहा है। भारतीय टीम लगातार 18वें वनडे मैच में टॉस हार गई और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने शानदार शुरुआत करते हुए पहला ओवर मेडन डाला।
भारतीय टीम पर क्लीन स्वीप का खतरा मंडराया
तीन मैचों की इस सीरीज में भारत पहले ही 0-2 से पिछड़ चुका है। ऐसे में टीम इंडिया पर पहली बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्लीन स्वीप का खतरा मंडरा रहा है। अब तक ऑस्ट्रेलिया वनडे क्रिकेट में भारत को कभी भी क्लीन स्वीप नहीं कर सका है।पहला वनडे ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट से जीता था, जबकि दूसरा मैच उसने 2 विकेट से अपने नाम किया था।
प्लेइंग-11 में बदलाव
सिडनी वनडे के लिए दोनों टीमों ने अपनी-अपनी प्लेइंग-11 में बदलाव किए हैं।ऑस्ट्रेलिया की टीम में एक बदलाव हुआ है जेवियर बार्टलेट की जगह नाथन एलिस को मौका दिया गया है।वहीं भारतीय टीम ने दो बदलाव किए हैं।कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है, जबकि नीतीश रेड्डी और अर्शदीप सिंह को बाहर बैठना पड़ा है।बताया जा रहा है कि नीतीश रेड्डी को दूसरे मैच के दौरान चोट लगी थी इसलिए वो यह मुकाबला नही खेल सकते ।

गिल ने कहा –“हम गेंदबाजी करना चाहते थे”
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस हारने के बाद कहा,“हम भी गेंदबाजी ही करना चाहते थे। पिच पर थोड़ी शुरुआती मदद दिख रही है, लेकिन कुल मिलाकर विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा है।”गिल ने उम्मीद जताई कि टीम आज बेहतर गेंदबाजी और फील्डिंग प्रदर्शन करेगी ताकि सीरीज में सम्मानजनक वापसी की जा सके।
सिडनी की पिच का रिकॉर्ड
सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए पिछले 9 वनडे मैचों में से 9 में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने ही जीत दर्ज की है।इसी वजह से ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने बिना झिझक पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया।पिच रिपोर्ट के मुताबिक शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी स्विंग मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, बल्लेबाजों को रन बनाना आसान होगा।
रोहित शर्मा और विराट कोहली पर रहेंगी निगाहें
इस सीरीज में सबसे ज्यादा चर्चा टीम इंडिया के दो दिग्गज खिलाड़ियों रोहित शर्मा और विराट कोहली –की हो रही है।संभावना जताई जा रही है कि यह दोनों सीनियर खिलाड़ी शायद आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया में वनडे सीरीज खेल रहे हों।रोहित शर्मा ने जहां दूसरे मैच में शानदार अर्धशतक लगाया था, वहीं विराट कोहली लगातार दो मैचों में शून्य (0) पर आउट हुए हैं।सिडनी में फैंस को उम्मीद है कि कोहली आज बड़ी पारी खेलेंगे और टीम को जीत दिलाएंगे।

भारत की गेंदबाजी और फील्डिंग चिंता का विषय
पिछले दोनों वनडे मैचों में भारतीय गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ सके।फील्डिंग में भी टीम से कई गलतियां हुईं ,अक्षर पटेल और मोहम्मद सिराज ने अहम मौकों पर आसान कैच छोड़े, जिससे ऑस्ट्रेलिया को मैच में वापसी का मौका मिला।टीम मैनेजमेंट ने अब गेंदबाजी में संतुलन लाने के लिए स्पिनर कुलदीप यादव और पेसर प्रसिद्ध कृष्णा को शामिल किया है। उम्मीद है कि ये बदलाव असर दिखाएंगे।
संभावित रणनीति और लक्ष्य
भारत की कोशिश इस मैच में शुरुआती विकेट झटकने की होगी ताकि ऑस्ट्रेलिया की पारी पर दबाव बनाया जा सके।वहीं बल्लेबाजी क्रम में शीर्ष चार बल्लेबाजों शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर से बड़ी पारियों की उम्मीद रहेगी।यह मुकाबला न केवल सीरीज के लिहाज से अहम है, बल्कि टीम इंडिया के वनडे आत्मविश्वास के लिए भी निर्णायक साबित हो सकता है।










