उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों सिंगापुर दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन उन्होंने कई विदेशी निवेशकों और बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, डेटा सेंटर, स्वास्थ्य और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में बड़े निवेश की उम्मीद जताई गई।
टेमासेक के चेयरमैन से अहम बैठक
सीएम योगी ने सिंगापुर की प्रमुख निवेश कंपनी टेमासेक होल्डिंग्स के चेयरमैन टियो ची हीन और उनकी टीम से मुलाकात की। इस बैठक में टेमासेक के वैश्विक निवेश अनुभव और उत्तर प्रदेश में संभावित निवेश पर चर्चा हुई।सीएम ने टेमासेक को अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, वेयरहाउसिंग, फिनटेक और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया। टेमासेक के चेयरमैन ने यूपी में निवेश को लेकर गहरी रुचि दिखाई।




गाजियाबाद में 500 करोड़ का अस्पताल, लॉजिस्टिक्स में भी बड़ा निवेश
बैठक में जानकारी दी गई कि टेमासेक की पोर्टफोलियो कंपनी मणिपाल हॉस्पिटल्स गाजियाबाद में करीब 500 करोड़ रुपये का निवेश कर एक आधुनिक अस्पताल विकसित करेगी। वहीं, कंपनी असेंडास उत्तर प्रदेश में लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग सुविधाओं के विकास के लिए लगभग 500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
इन निवेशों से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं और औद्योगिक अवसंरचना को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
डेटा सेंटर और कौशल विकास पर भी बनी सहमति
बैठक में डेटा सेंटर और स्किल डेवलपमेंट (कौशल विकास) जैसे उभरते क्षेत्रों में भी आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। इससे प्रदेश में तकनीकी विकास और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा।
निवेशकों को सीएम योगी ने बताई यूपी की ताकत
सीएम योगी ने निवेशकों को उत्तर प्रदेश की बेहतर कानून व्यवस्था, मजबूत कनेक्टिविटी, आधुनिक एक्सप्रेसवे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर नीति, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स हब के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज भारत की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और सरकार निवेशकों को ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत पारदर्शी, सरल और तेज़ प्रक्रिया उपलब्ध करा रही है।
रोजगार और विकास पर सरकार का फोकस
सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों के साथ लंबी और भरोसेमंद साझेदारी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जिससे प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा हो और तकनीकी क्षमता का विकास हो सके।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में निवेश बढ़ाने के इसी उद्देश्य से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी इस समय यूरोप दौरे पर हैं।










