दिल्ली -NCR में मौसम करवट बदल रहा है। दिन में तेज धूप खिल रही है, जिससे दिन का तापमान गर्म महसूस हो रहा है, वहीं सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं के कारण राजधानीवासियों को ठंड का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में अगले 5 दिनों तक आसमान साफ रहेगा और तेज हवाओं की संभावना नहीं है। आज राजधानी का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद और गुरूग्राम में सुबह हल्की सतही हवाओं के साथ मौसम सुहावना बना हुआ है। दिवाली तक मौसम में हल्की गर्मी के बावजूद सुबह-शाम ठंड का असर रहेगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दिवाली के बाद एनसीआर में कड़ाके की ठंड शुरू हो सकती है।
दिल्ली में मौसम के बदलते मिजाज के साथ ही लोग एसी और कूलर बंद कर चुके हैं। सुबह-शाम की ठंड के बीच दिन में तेज धूप होने के कारण राजधानी वालों को हल्की गर्मी भी महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले 5 दिनों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में ठंड बढ़ी
पहाड़ी राज्यों में सर्दियों का आगमन शुरू हो गया है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। उत्तराखंड में सर्द हवाओं के चलने से ठंड और बढ़ने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी के बाद मौसम शुष्क है, लेकिन सुबह के समय कोहरा और रात की ठंडी हवाएं तापमान में गिरावट का कारण बन रही हैं। मौसम विभाग ने इन राज्यों में 14 से 17 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है, लेकिन हिमस्खलन जैसी घटनाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में गुलाबी ठंड की दस्तक
उत्तर प्रदेश और बिहार में भी ठंड ने दस्तक दे दी है। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं बिहार की राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहने और तापमान में उतार-चढ़ाव की जानकारी दी है। हालांकि, 16 अक्टूबर से उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
दक्षिण में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी
जहां उत्तर भारत में ठंड ने दस्तक दी है, वहीं दक्षिणी राज्यों में मानसून की सक्रियता अभी भी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, 14 से 19 अक्टूबर तक तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और माहे में भारी बारिश की संभावना है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भी अगले 4-5 दिनों तक बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।ओडिशा और छत्तीसगढ़ में 14 से 16 अक्टूबर तक बिजली कड़कने और बारिश की संभावना है। कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 14 से 17 अक्टूबर तक गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसी तरह, केरल, माहे, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और तेलंगाना में अगले तीन दिनों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम की समग्र स्थिति
देश के कई हिस्सों में मानसून विदा हो चुका है, लेकिन दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी भी महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में सक्रिय है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, उत्तर भारत में मौसम तेजी से ठंडा हो रहा है और पहाड़ी राज्यों में ठिठुरन बढ़ रही है।