उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार सुबह नैनीताल में मॉर्निंग वॉक पर निकले और इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों, पर्यटकों और स्कूली बच्चों से अनौपचारिक बातचीत की। बुधवार देर शाम नैनीताल पहुंचे मुख्यमंत्री सुबह सात बजे एटीआई से पंत पार्क तक पैदल चले और रास्ते में लोगों का हालचाल जाना। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का संज्ञान भी लिया।

पंत पार्क पहुंचकर मुख्यमंत्री ने मानसखंड मिशन के तहत नयना देवी मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने नव-निर्मित गेट के कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। सरकार इस परियोजना पर 11 करोड़ रुपये खर्च कर रही है, जिसके तहत मंदिर परिसर को और भव्य व आकर्षक रूप देने के लिए कई कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं।
अन्य विकास कार्यों की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने डीएसए मैदान सुधार योजना, बलिया नाला एवं ठंडी सड़क क्षेत्र में भूस्खलन सुरक्षा कार्यों की भी जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने सभी विभागों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।इस दौरान मल्लीताल-खारी बाजार में बन रही म्यूरल आर्ट का भी निरीक्षण किया और कलाकारों की सराहना की।
लोगों के बीच बैठकर बनाई चाय
मॉर्निंग वॉक के दौरान मुख्यमंत्री धामी एक चाय की दुकान पर रुके और उन्होंने स्वयं चाय बनाकर लोगों के साथ पी। स्थानीय लोगों और पर्यटकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने कहा कि बढ़ती ठंड को देखते हुए सभी रैन बसेरों में समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारखंड और मानसखंड के तहत प्रसिद्ध मंदिरों और तीर्थस्थलों का सौंदर्यीकरण एवं पुनर्निर्माण तेज़ गति से हो रहा है। गोल्ज्यू कॉरिडोर में भी तेजी से काम चल रहा है।स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।










