प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश और राजस्थान का दौरा करेंगे। उन्होंने ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित यह विशाल कार्यक्रम 25 से 29 सितंबर तक चलेगा, जिसमें उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, कृषि, सांस्कृतिक और नवाचार क्षमताएं वैश्विक मंच पर प्रदर्शित की जाएंगी। PM मोदी का यह दौरा करीब 45 मिनट का रहा।

इंटरनेशनल ट्रेड शो ये होगा खास
पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल का लाइव डेमोन्सट्रेशन।
ODOP ग्लोबल मार्केट प्लेस जैसा मिलेगा अनुभव।
40 जनपदों के उत्पादों को ग्लोबली प्रदर्शित किया जाएगा।
रोजाना सुबह से लेकर रात तक सेमिनार और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
500 से ज्यादा विदेशी विजिटर शामिल होंगे।
1.25 लाख बीटूबी पर चर्चा और 4.5 लाख बीटूसी होगा।
PM मोदी ने कहा कि विकास के लिए आत्मनिर्भरता बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि सरकार मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दे रही है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आज देश का नागरिक स्वदेशी से जुड़ रहा है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि स्वदेशी को बढ़ावा देने के लिए हमें एक इकोसिस्टम बनाना होगा। PM मोदी ने कहा कि छोटे व्यापारियों को मुख्यधारा में शामिल किया गया है।
55% फोन बनते हैं यूपी में
PM मोदी ने कहा, “आज भारत में बनने वाले सभी मोबाइल फोन का 55% उत्पादन उत्तर प्रदेश में होता है। यूपी अब सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भी भारत की आत्मनिर्भरता को और मजबूत करेगा। यहां से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर एक प्रमुख सेमीकंडक्टर विनिर्माण सुविधा का निर्माण शुरू होने वाला है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत ने ऐसे खुले प्लेटफ़ॉर्म बनाए हैं जो सभी के लिए समावेशी और सुलभ हैं – UPI, आधार, डिजीलॉकर, ONDC । ये प्लेटफ़ॉर्म सभी को अवसर प्रदान कर रहे हैं। दूसरे शब्दों में, यह ‘सभी के लिए प्लेटफ़ॉर्म, सभी के लिए प्रगति’ है। आज, इसका प्रभाव भारत में हर जगह दिखाई दे रहा है। चाहे आप मॉल में खरीदारी कर रहे हों या सड़क पर चाय बेच रहे हों, हर कोई UPI का उपयोग करता है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज हमारे मार्गदर्शक और मार्गदर्शक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है। दीनदयाल जी ने हमें अंत्योदय का मार्ग दिखाया – अर्थात गरीब से गरीब व्यक्ति का उत्थान। अंत्योदय का अर्थ है यह सुनिश्चित करना कि विकास समाज के सबसे हाशिए पर पड़े वर्ग तक भी पहुंचे और सभी प्रकार के भेदभाव समाप्त हों। यही अंत्योदय का सार है और यह सामाजिक न्याय की सच्ची भावना का प्रतीक है। विकास का यही मॉडल आज भारत दुनिया को दे रहा है।”
गुणवता से कोई समझौता नही
PM मोदी ने कहा, ‘आज सरकार मेक इन इंडिया, मैन्युफैक्चरिंग पर इतना जोर दे रही है। हम चिप से लेकर जहाज तक, सब कुछ भारत में बनाना चाहते हैं, इसलिए हम आपके व्यापार में आसानी के लिए काम कर रहे हैं। सरकार आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है, लेकिन सरकार की कुछ अपेक्षाएं भी हैं कि आप जो भी निर्माण कर रहे हैं, वह सर्वोत्तम गुणवत्ता का हो। आज देशवासियों के मन में ये बात है कि स्वदेशी उत्पादों की गुणवत्ता निरंतर बेहतर हो, इसलिए गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।’









