उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक डबल डेकर बस के पलटने से 3 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें कानपुर अस्पताल में रेफर किया गया है।मिली जानकारी के मुताबिक यह डबल डेकर बस दिल्ली से बिहार के सीवान जिले की ओर जा रही थी। सुबह का समय होने के कारण बस में ज्यादातर यात्री नींद में थे। जैसे ही बस कानपुर देहात के अरौल थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर एक मोड़ के पास पहुंची, चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और हल्का कोहरा माना जा रहा है। एक्सप्रेसवे पर दृश्यता कम होने के कारण चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस इतनी तेज गति में थी कि पलटने के बाद उसका ऊपरी डेक पूरी तरह चकनाचूर हो गया। कई यात्री बस में फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोग और पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।हादसे के बाद एक और चौंकाने वाली बात सामने आई कि बस में क्षमता से कहीं अधिक यात्री सवार थे। अधिक भीड़ और डबल डेकर बस की अस्थिर संरचना इस दुर्घटना में जान-माल के भारी नुकसान का कारण बनी।
राहत व बचाव कार्य में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पास के थानों से पुलिस व राहत टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) में भर्ती कराया गया।15 गंभीर घायलों को हैलट अस्पताल रेफर किया गयाबाकी यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए और पहचान की प्रक्रिया चल रही है
अधिकतर यात्री बिहार के
पुलिस के अनुसार, बस में यात्रा कर रहे अधिकतर यात्री बिहार के अलग-अलग जिलों से थे, जो कामकाज या अन्य जरूरी कार्यों से दिल्ली से वापस अपने घर लौट रहे थे। आगरा एक्सप्रेसवे पर बीते कुछ महीनों से लगातार सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि देखने को मिल रही है। तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और कोहरे के दौरान असावधानी इसके प्रमुख कारण बताए जाते हैं।








