BREAKING

4 days ago
Rajasthan

RAJSTHAN: जोधपुर के फलोदी में हुआ भीषण सड़क हादसा, कोलायत से लौट रहे श्रद्धालुओं की भरी ट्रेवलर ट्रक से टकराई, 15 लोगों की मौत

राजस्थान के जोधपुर जिले के फलोदी उपखंड क्षेत्र के मतोड़ा में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। देवउठनी एकादशी के अवसर पर कपिल मुनि के आश्रम कोलायत से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी टेंपो ट्रेवलर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे 15 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में 10 महिलाएं, 4 बच्चे और वाहन चालक शामिल हैं।

हादसे का दर्दनाक मंजर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम करीब 6:30 बजे भारत माला हाईवे पर यह दर्दनाक हादसा हुआ। टेंपो ट्रेवलर में सवार श्रद्धालु जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र के रहने वाले थे और कोलायत में कपिल मुनि मेले के दर्शन करने के बाद लौट रहे थे।मतोड़ा थाना अधिकारी अमानाराम ने बताया कि सड़क किनारे एक ट्रेलर खड़ा था, और उसी दौरान ट्रेवलर ने ओवरटेक करते हुए उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो ट्रेवलर का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत के बाद फंसे हुए यात्रियों और शवों को वाहन से बाहर निकाला। पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंचा और घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया गया। दो गंभीर रूप से घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया।

एक ही मोहल्ले के थे सभी मृतक

मृतकों में अधिकांश लोग सूरसागर क्षेत्र के एक ही मोहल्ले से थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहल्ले में उसी दिन अन्नकूट का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिस कारण कई महिलाओं ने यात्रा पर न जाने का निर्णय लिया और इसी कारण उनकी जान बच गई।

प्रशासन और राहत कार्य

थाना अधिकारी अमानाराम ने बताया कि शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि कई शव वाहन में फंसे हुए थे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी शवों को ओसियां के सरकारी अस्पताल भेजा, जहां से बाद में उन्हें जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल और मथुरादास अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।फिलहाल, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रशासन ने लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया हादसे का कारण

हादसे के चश्मदीद महिपाल सारण ने बताया कि हाईवे पर कई जगह छोटे ढाबे बने हुए हैं। उसी के पास एक ट्रेलर सड़क किनारे खड़ा था। तेज रफ्तार में चल रहा टेंपो ट्रेवलर तीसरी लेन से ओवरटेक करते हुए ट्रेलर से टकरा गया। हादसा इतना भीषण था कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा “राजस्थान में हुई सड़क दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मैं इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए लिखा “राजस्थान के फलोदी जिले में हुए एक हादसे में हुई जान-माल की हानि से दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”पीएम मोदी ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की अनुग्रह राशि दी जाएगी।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी ‘X’ पर शोक जताया। उन्होंने लिखा “फलोदी के मतोड़ा क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि सभी घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए।”

शोक में डूबा सूरसागर इलाका

जोधपुर का सूरसागर इलाका इस हादसे के बाद मातम में डूब गया है। एक ही मोहल्ले के इतने लोगों की एक साथ मृत्यु से पूरा क्षेत्र शोकाकुल है। अस्पताल में शव पहचानने पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कई परिजन अपने प्रियजनों को देखकर बेहोश हो गए।पुलिस ने इस हादसे के बाद कहा कि ओवरस्पीड और लापरवाही से ड्राइविंग हादसे की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने हाईवे पर खड़े ट्रकों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी जारी किए हैं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को टाला जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Subscribe to Our Newsletter!

This will close in 0 seconds