हरियाणा सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए IPS अधिकारी शत्रुजीत कपूर को पुलिस महानिदेशक (DGP) पद से कार्यमुक्त कर दिया है। अब उनके पास केवल हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के चेयरमैन का दायित्व रहेगा। वहीं, वरिष्ठ IPS अधिकारी ओपी सिंह को अगले आदेश तक हरियाणा का कार्यवाहक DGP नियुक्त किया गया है। वे अपने मौजूदा कर्तव्यों के साथ यह अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।

IPS वाई. पूरण कुमार सुसाइड केस से जुड़ा है मामला
यह कार्रवाई IPS अधिकारी वाई. पूरण कुमार की कथित आत्महत्या से जुड़े गंभीर आरोपों के बाद की गई है।7 अक्टूबर को चंडीगढ़ में वाई. पूरण कुमार ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी।उन्होंने अपने सुसाइड नोट में तत्कालीन DGP शत्रुजीत कपूर समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों पर मानसिक उत्पीड़न और प्रताड़ना के आरोप लगाए थेइसके बाद हरियाणा सरकार ने 14 अक्टूबर से शत्रुजीत कपूर को दो महीने की लंबी छुट्टी पर भेज दिया था, जो 13 दिसंबर को समाप्त हो गई थी।
पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
दिवंगत IPS अधिकारी की पत्नी और IAS अधिकारी अमनीत पी. कुमार ने चंडीगढ़ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।उन्होंने आरोप लगाया कि DGP शत्रुजीत कपूर ने उनके पति को आत्महत्या के लिए मजबूर किया। IAS अधिकारी अमनीत पी. कुमार के अनुसार,झूठे सबूत गढ़ने की साजिश रची गई और मृत्यु से ठीक पहले एक झूठी FIR दर्ज की गई।जाति-आधारित गालियां, मानसिक उत्पीड़न और सार्वजनिक अपमान झेलना पड़ा।पूजा स्थलों से बहिष्कार और टारगेटेड उत्पीड़न किया गया।

नए DGP की नियुक्ति में तेजी
हरियाणा सरकार नए DGP की नियुक्ति को लेकर इसलिए भी जल्दबाज़ी में है, क्योंकि कार्यवाहक DGP ओपी सिंह 31 दिसंबर को रिटायर होने वाले हैं।इससे पहले राज्य सरकार द्वारा भेजे गए 5 IPS अधिकारियों के पैनल को UPSC ने लौटा दिया था, क्योंकि शत्रुजीत कपूर तकनीकी रूप से अभी भी DGP पद पर बने हुए थे।अब उनके कार्यमुक्त होने के बाद UPSC के 25 दिसंबर तक बैठक करने और तीन नामों की सूची भेजने की उम्मीद है।
UPSC बैठक में ये अधिकारी होंगे शामिल
UPSC की बैठक में हरियाणा से दो वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे, जिन्हें मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी नामित करेंगे। इनमें गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा और एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
DGP पद की दौड़ में ये नाम
फिलहाल नए DGP पद के लिए जिन नामों पर चर्चा है, उनमें अजय सिंघल व आलोक मित्तल और ए.एस. चावला का नाम शामिल है।सूत्रों के मुताबिक मुख्य मुकाबला आलोक मित्तल और अजय सिंघल के बीच माना जा रहा है।










