हरियाणा के रोहतक जिले में पुलिस को रूटीन चेकिंग के दौरान दिल्ली की एक टैक्सी से 1 करोड़ रुपये नकद कैश बरामद हुआ हैं। इस कार्रवाई के तहत टैक्सी में सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।यह कार्रवाई दिल्ली के लाल किले के पास हुए भयानक धमाके के बाद बढ़ते सुरक्षा अलर्ट के बीच हुई है।रोहतक पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई मंगलवार देर रात शिवाजी कॉलोनी थाना क्षेत्र के जलेबी चौक फ्लाईओवर के नीचे बने नाके पर की गई। दिल्ली धमाके के बाद पूरे जिले में नाकेबंदी और सुरक्षा जांच तेज कर दी गई थी। इसी कड़ी में झज्जर की तरफ से आ रही एक दिल्ली नंबर की टैक्सी को रोका गया।पुलिस ने बताया कि जब गाड़ी नाके पर पहुंची तो उसमें बैठे लोगों के हाव-भाव संदिग्ध लग रहे थे। चालक घबराया हुआ दिखाई दे रहा था और तेजी से निकलने की कोशिश कर रहा था। शक होने पर पुलिस ने गाड़ी और उसमें सवार लोगों के बैग की जांच की। जांच के दौरान 500, 200 और 100 रुपये के नोटों की गड्डियां बरामद हुईं, जिनकी कुल रकम 1 करोड़ रुपये पाई गई।

गिरफ्तार व्यक्ति और पूछताछ जारी
पुलिस ने दिल्ली के निवासी रवि, सुनील, परमोद और रोहतक निवासी अमित को हिरासत में लिया। सभी को थाना शिवाजी कॉलोनी ले जाया गया, जहां नकदी की गिनती की गई। पूछताछ में चारों युवकों ने नकदी के स्रोत और गंतव्य के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद रकम को करा दिया गया है। साथ ही मामले में आयकर विभाग को भी सूचित किया गया। बुधवार सुबह आयकर अधिकारी थाने पहुंचे और चारों युवकों से पैसे के स्रोत और लेनदेन के बारे में विस्तार से पूछताछ की।
दिल्ली धमाके के बाद हाई अलर्ट
इस कार्रवाई का संदर्भ दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम हुए भयंकर कार धमाके से जुड़ा हुआ है। इस धमाके में अब तक 12 लोगों की मौत और 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जांच में शक है कि धमाके में अमोनियम नाइट्रेट और डेटोनेटर का इस्तेमाल किया गया था। NIA ने मामले की जांच शुरू कर दी है।दिल्ली धमाके के बाद हरियाणा पुलिस ने प्रदेशभर में सुरक्षा अलर्ट और नाकाबंदी बढ़ा दी है। रोहतक पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में नाकाबंदी कर वाहनों, यात्रियों और संदिग्ध वस्तुओं की गहन जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की सतर्कता
रोहतक पुलिस ने कहा कि जिले में अभी भी कई जगह नाके और वाहनों की चेकिंग जारी है। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या वस्तु को देखें तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दें। सुरक्षा के लिए जनता का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।पुलिस और आयकर विभाग मिलकर नकदी के स्रोत, उपयोग और संभावित लेन-देन की जांच कर रहे हैं। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह रकम किसी आतंकी गतिविधि या अवैध लेन-देन से तो जुड़ी नहीं है।










