हरियाणा में जिलों की संख्या बढ़कर अब 23 हो गई है। राज्य सरकार ने हांसी को आधिकारिक रूप से नया जिला घोषित कर दिया है। सोमवार से हांसी जिला अस्तित्व में आ गया है। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। हरियाणा की मुख्य सचिव एवं वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा की ओर से जारी लेटर में बताया गया है कि पंजीकरण अधिनियम 1908 और हरियाणा भूमि राजस्व अधिनियम 1887 की धारा 5 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्यपाल ने हिसार जिले की सीमाओं में बदलाव कर हांसी नाम से नया जिला बनाया है।

हांसी जिले में कौन-कौन से क्षेत्र शामिल
नए जिले में हांसी और नारनौंद उपमंडल शामिल किए गए हैं।इसके साथ ही 3 तहसीलें हांसी, नारनौंद और बास और 1 उप-तहसील खेड़ी जालब व जिले में 3 ब्लॉक हांसी-1, हांसी-2 और नारनौंद शामिल होंगे। हांसी में 110 गांव शामिल होंगे। जिसका क्षेत्रफल लगभग 1,34,976 हेक्टेयर होगा। जिसकी अनुमानित जनसंख्या करीब 5,40,994 रहेगी।
हिसार जिले की बदली सीमाएं
हांसी के जिला बनने से हिसार जिले का दायरा कम हो गया है।अब हिसार जिले में केवल हिसार और बरवाला उपमंडल रहेंगे।पहले हिसार जिले में 6 तहसील ,3 उप-तहसील शामिल थे।हांसी के अलग होने से बास, हांसी और नारनौंद तहसीलें नए जिले में चली गई हैं।
हांसी में DC और जिला कोर्ट होंगे
हांसी के जिला बनने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।अब डिप्टी कमिश्नर (DC) हांसी में ही बैठेंगे।जिला एवं सत्र न्यायालय का गठन होगा।लोगों को मुकदमों के लिए हिसार नहीं जाना पड़ेगा।प्रशासनिक कार्य स्थानीय स्तर पर ही होंगे।सरकार का मानना है कि इससे विकास कार्यों में तेजी, रोजगार के नए अवसर और नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का ऐलान और वादा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 16 दिसंबर 2025 को हांसी की विकास रैली में जिले की घोषणा की थी।उन्होंने एक सप्ताह के भीतर अधिसूचना जारी करने का वादा किया था, जिसे 6 दिन में पूरा कर दिया गया।
हांसी के जिला बनने से न केवल प्रशासनिक सुविधा बढ़ेगी बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी। यह फैसला स्थानीय जनता के लिए एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।









