हरियाणा सरकार ने आज दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में लाडो लक्ष्मी मोबाइल एप को भी लॉन्च किया। इससे पहले उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बटन दबाकर लाडो लक्ष्मी योजना ऐप लॉन्च किया।इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये मिलेंगे।
किसे मिलेगा योजना का लाभ?
यह योजना उन महिलाओं के लिए है जिनकी उम्र 23 साल या उससे अधिक है। इसका लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जिनके परिवार की सालाना आय ₹1 लाख से कम है। इसके अलावा जो महिलाएं या उनके पति किसी अन्य राज्य से शादी के बाद हरियाणा में 15 साल से स्थायी रूप से रह रहे हैं वे भी इस योजना का फायदा उठा सकती हैं। पहली किश्त एक नवंबर, 2025 को हरियाणा दिवस के अवसर पर लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
महिलाओ की आर्थिक सशक्तिकरण की ओर कदम
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच पर मौजूद 5 महिलाओं से ऐप डाउनलोड कराकर योजना की शुरुआत करवाई। सरकार का कहना है कि इस योजना से महिलाओं और बेटियों को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।CM नायब सिंह सैनी ने इस दौरान प्रदेश से अलग-अलग इलाकों से आई महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि 1 नवंबर से 23 वर्ष से ज्यादा उम्र की महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।जिन परिवारों की वार्षिक आय सालाना 1 लाख से कम है उन महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की लगभग 21 लाख महिलाओं को पहले फेस में योजना का फायदा मिलेगा।
सालाना 415 करोड़ का बजट
राज्य के सामाजिक न्याय एवं अंत्योदय कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना के लिए सरकार ने सालाना ₹5,000 करोड़ का बजट तय किया है। हर महीने लगभग ₹415 करोड़ रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी। पहले चरण में 14,14,621 विवाहित और 6,82,635 अविवाहित महिलाओं को योजना से जोड़ा गया है।
इस प्रकार करें आवेदन
पंजीकरण के लिए सरकार ने ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी ऐप’ लॉन्च किया है। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है और इसके माध्यम से महिलाएं खुद या अपने परिवार के किसी सदस्य के मोबाइल से आसानी से आवेदन कर सकती हैं। किसी सरकारी कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है। एक मोबाइल फोन से कई महिलाओं का पंजीकरण किया जा सकता है, जिससे प्रक्रिया और भी सरल और सुगम हो गई है। महिलाओं को सरकारी दफ्तर में चक्कर नहीं काटने होंगे और घर बैठे एप के जरिये ही अप्लाई कर सकती हैं।राज्य के सभी जिलों में इस योजना को लेकर जागरूकता कैंप और पंजीकरण शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं ताकि पात्र महिलाएं योजना से जुड़ सकें।
आवेदन प्रक्रिया: कैसे भरें फॉर्म?
लाडो लक्ष्मी योजना का आवेदन मोबाइल ऐप से किया जाएग। रजिस्ट्रेशन के बाद एक रजिस्ट्रेशन आईडी जनरेट होगी। इसके बाद 15 दिनों के अंदर CRID टीम दस्तावेज़ों और जानकारी की जांच करेगी। दी गई जानकारी का मिलान परिवार पहचान पत्र (PPP) से होगा। इसके बाद पात्र महिलाओं की लिस्ट बनेगी और SMS के जरिए सूचित किया जाएगा। इसके साथ ही महिला से पूछा जाएगा कि वह 2100 रुपये पूरे चाहती है या कम राशि भी स्वीकार कर सकती है, फिर फाइनल लिस्ट जारी होगी।
किन दस्तावेजों की होगी जरूरत?
फॉर्म भरने के लिए हरियाणा का स्थायी निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, महिला विवाहित हो तो ससुराल पक्ष के सदस्यों के आधार कार्ड, बिजली बिल, HKRN नंबर (अगर बेरोजगार हैं) और परिवार में रजिस्टर्ड वाहनों की जानकारी मांगी जाएगी। सभी जानकारी PPP डेटाबेस से क्रॉसचेक की जाएगी, इसलिए उसमें कोई गलती न हो, यह सुनिश्चित करें।
कुछ महिलाओं को मिलेगी छूट
हालांकि कुछ खास मामलों में सरकार ने छूट दी है। जैसे कैंसर की तीसरी या चौथी स्टेज की मरीज, या दुर्लभ बीमारियों से ग्रसित महिलाएं, जैसे हीमोफीलिया, थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित है। ये महिलाएं अगर अन्य किसी योजना से लाभ ले भी रही हों, तो भी इन्हें लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये मिलेंगे। विशेष परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
ऐप में होगी हाजिरी की सुविधा
योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मोबाइल ऐप में एक अनोखा फीचर जोड़ा गया है। हर महीने महिला को स्माइल के साथ पलक झपकाते हुए फोटो क्लिक करनी होगी। यह उसकी हाजिरी का सबूत होगा कि वह योजना की पात्र है। इसका उद्देश्य किसी तरह की गड़बड़ी को रोकना है और यह सुनिश्चित करना है कि लाभ सही व्यक्ति तक पहुंचे।
हरियाणा सरकार का यह कदम महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकता है। योजना से न केवल आर्थिक सहायता मिलेगी, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा भी मिलेगी।