पंचकूला में तीन दिवसीय खेल महाकुंभ का आगाज़ , मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे महाकुंभ का उद्घाटन , युवा खिलाड़ियों को मिलेगा मंच

पंचकूला:हरियाणा में राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ 2025 का आज दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। ये खेल महाकुंभ 26 सितंबर 2025 तक पंचकूला सेक्टर 3 स्थित ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि इस तीन दिवसीय खेल महाकुंभ में हरियाणा प्रदेश के सभी जिलों से लगभग 3013 खिलाड़ी भाग लेंगे। खेल महाकुंभ के दूसरे चरण का शुभारंभ सुबह 11 बजे किया जाएगा। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खेल विभाग और ओलिंपिक संघ से जुड़े अधिकारी मौजूद रहेंगे।

ये प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी:

खेल महाकुंभ के आज दूसरे चरण में जूडो, कराटे, कुश्ती, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल (महिला एवं पुरुष वर्ग) और हॉकी (पुरुष वर्ग) की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि खेल महाकुंभ का उद्घाटन हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे, जो बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

हरियाणा खेलों का गढ़:

खेल अधिकारियों ने बताया कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य प्रदेश में खेल भावना का विकास, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है। इसका असर सामाजिक मजबूती पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती खेलों का गढ़ मानी जाती है. यही कारण है कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के खिलाड़ियों ने पदकों का अंबार लगाया है।

2 अगस्त से हुई शुरूआत

हरियाणा में राज्य स्तरीय “खेल महाकुंभ 2025” का आयोजन दो चरणों में होना तय हुआ था, जिसकी शुरुआत 2 अगस्त 2025 को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम से की थी। इसमें 26 विभिन्न खेलों में राज्य भर के 15,410 से अधिक खिलाड़ियों ने 2102 पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा की थी।

 

 

Exit mobile version