राजधानी दिल्ली के महरौली इलाके में शनिवार तड़के पुलिस और कुख्यात अपराधी काकू पहाड़िया के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में अपराधी के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।आरोपी को फिलहाल इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस की सतर्कता और जवाबी कार्रवाई के चलते किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सका।

सूत्रों के मुताबिक, शनिवार तड़के लगभग सुबह 3:15 बजे दिल्ली पुलिस को अवैध हथियारों की आपूर्ति में शामिल एक शातिर अपराधी के महरौली में आने की गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर महरौली थाने की टीम ने लाडो सराय श्मशान घाट रोड पर नाकाबंदी कर दी।जैसे ही आरोपी ने पुलिस को देखा, उसने भागने की कोशिश की और चार राउंड फायरिंग की। इस दौरान हेड कांस्टेबल रविंद्र घायल हो गए और दो अन्य पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और चार राउंड फायरिंग कर अपराधी को दबोच लिया।
आरोपी की पहचान और बरामदगी
पुलिस ने आरोपी की पहचान कनिष्क उर्फ विशाल उर्फ काकू पहाड़िया के रूप में की। वह 27 वर्षीय और दिल्ली के मदनगीर का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो पिस्टल, भरी हुई मैगजीन और चार खाली कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, काकू पहाड़िया पर पहले से कई आर्म्स एक्ट के मुकदमे, लूटपाट और फायरिंग के मामले दर्ज हैं। वह अवैध हथियारों की आपूर्ति के साथ-साथ राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय गिरोहों से भी जुड़ा हुआ था।
नांगलोई में भी हुई मुठभेड़
महरौली की मुठभेड़ के अलावा, नांगलोई इलाके में भी पुलिस और एक अपराधी गिरोह के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने बताया कि यह वही गिरोह था, जो दो दिन पहले एक हॉट चेज के दौरान पुलिस की टीम से भाग निकला था।इस मुठभेड़ में चार बदमाशों में से तीन को गोली लगी और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। DCP आउटर सचिन शर्मा ने बताया कि यह गिरोह दिल्ली और हरियाणा में सक्रिय था और हाल के दिनों में कई लूटपाट और अपराधों में शामिल रहा।
अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई
इसी बीच, दिल्ली पुलिस ने द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक और बड़े ऑपरेशन में अवैध शराब की बड़ी खेप भी बरामद की। पुलिस ने हरियाणा के रोहतक निवासी ऋतिक (21) को गिरफ्तार किया, जो बहादुरगढ़ से शराब खरीदकर दिल्ली और आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था।जांच में पुलिस ने 1,400 क्वार्टर, 70 रॉयल स्टैग और 14 रॉयल ग्रीन बोतलें बरामद कीं और आरोपी वाहन को जब्त कर लिया।
पुलिस का बयान और सुरक्षा उपाय
दिल्ली पुलिस ने कहा कि इन एनकाउंटरों में जनता और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा प्राथमिकता रही। पुलिस ने बताया कि इन ऑपरेशनों का उद्देश्य न केवल अपराधियों को गिरफ्तार करना है, बल्कि राजधानी में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को रोकना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे गिरोह और उनके नेटवर्क का पर्दाफाश करने की कोशिश कर रही है।
महरौली और नांगलोई में हुई मुठभेड़ों और द्वारका में अवैध शराब की बरामदगी से स्पष्ट है कि दिल्ली पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपना रही है। इन कार्रवाईयों से यह संदेश गया है कि पुलिस जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क और चौकस है।