‘धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा युवाओं की जीत’, कांग्रेस-AAP… विपक्ष से क्या आया रिएक्शन

‘धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा युवाओं की जीत’, कांग्रेस-AAP… विपक्ष से क्या आया रिएक्शन

NEET-UG विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद विपक्ष ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. आम आदमी पार्टी ने इसे छात्रों और युवाओं की जीत बताया, जबकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने कहा कि अब शिक्षा व्यवस्था के मूल मुद्दों पर गंभीर चर्चा और समाधान का रास्ता खुलना चाहिए.

NEET-UG परीक्षा विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद विपक्ष ने इसे छात्र आंदोलन की बड़ी जीत बताया है. धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना इस्तीफा भेजते हुए कहा कि छात्रों का भविष्य किसी भी राजनीतिक या कानूनी विवाद से ऊपर है. उनके इस्तीफे के सामने आते ही विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार पर हमला तेज कर दिया.

 

आम आदमी पार्टी (AAP) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “युवाओं की जीत. अहंकारी प्रधानमंत्री और सरकार को झुकना पड़ा.” पार्टी ने दावा किया कि देशभर के छात्रों के लगातार आंदोलन और बढ़ते जनदबाव के कारण सरकार को यह फैसला लेना पड़ा.

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सुप्रिया सुले ने कहा, “शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा शांति से प्रदर्शन करने वालों, छात्रों और विपक्ष के लगातार दबाव के बाद आया है. मैं हर उस प्रदर्शनकारी को बधाई देता हूं जो NEET-UG मुद्दे पर डटे रहे. लेकिन यह अंत नहीं हो सकता, हम असली जवाबदेही, बड़े पैमाने पर शिक्षा में सुधार और संसद में NEET मुद्दे पर पूरी चर्चा की मांग करते हैं.”

धर्मेंद्र प्रथान के इस्तीफे पर शशि थरूर ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, “एजुकेशन मिनिस्टर का इस्तीफ़ा इस बात को मानना है कि डेमोक्रेसी में अकाउंटेबिलिटी से हमेशा के लिए बचा नहीं जा सकता. यह देश भर के स्टूडेंट्स, पेरेंट्स और नागरिकों की कई हफ़्तों से पक्के इरादे और शांति से उठाई गई आवाज़ों के बाद आया है, जिन्होंने नज़रअंदाज़ होने से मना कर दिया था.”

राजीव शुक्ला ने कहा, “मैं एजुकेशन मिनिस्टर के इस्तीफे का स्वागत करता हूं. यह भारत के स्टूडेंट्स, भारत के युवाओं और विपक्ष की एकता की जीत है. मुझे पक्का यकीन है कि सरकार सिर्फ इस्तीफे से नहीं रुकेगी, बल्कि भविष्य में कोई एग्जाम पेपर लीक न हो, इसके लिए कुछ ठोस कदम भी उठाएगी. इसके अलावा, एजुकेशन सेक्टर में बड़े सुधार ज़रूरी हैं। हमारे युवा और स्टूडेंट्स हमारा भविष्य हैं; हमें उनकी बात सुननी होगी.”

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, “धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर पूरे देश को बधाई. लोकतंत्र के लिए बड़ी जीत है.”

वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने भी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का स्वागत किया. उन्होंने X पर लिखा, “मुझे अभी-अभी केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की खबर मिली है. मैं इस इस्तीफे का स्वागत करता हूं. उम्मीद है कि इससे मौजूदा तनाव कम होगा और संसद के भीतर तथा बाहर शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मूल मुद्दों पर गंभीर चर्चा का रास्ता खुलेगा.”

कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने एक एक्स पोस्ट में कहा, “सच्चाई की ताकत. लोगों की ताकत. धर्मेंद्र प्रथान ने इस्तीफा दिया”

धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब NEET-UG पेपर लीक को लेकर देशभर में छात्र आंदोलन जारी है. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र और CJP लगातार शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे.

अब राजनीतिक हलकों में नजर इस बात पर है कि सरकार नए शिक्षा मंत्री की नियुक्ति कब करती है और क्या इस इस्तीफे के बाद परीक्षा व्यवस्था में सुधार से जुड़े बड़े फैसले भी सामने आते हैं.

Exit mobile version