BREAKING

India

TAMIL NADU में भीषण सड़क हादसा, दो सरकारी बसों में हुई आमने-सामने टक्कर, महिलाओं व बच्चे समेत 11 लोगों की मौत और 60 लोग घायल

तमिलनाडु के शिवगंगा ज़िले में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर पैदा कर दी। कुम्मंगुड़ी के पास पिल्लैयारपाट्टी के निकट दो सरकारी बसों की आमने-सामने टक्कर में कम से कम 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक यात्री घायल हो गए। मृतकों में एक बच्चा, दो पुरुष और आठ महिलाएं शामिल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना शाम को उस समय हुई जब एक सरकारी बस तिरुप्पूर से कराईकुडी जा रही थी,जबकि दूसरी बस कराईकुडी से डिंडीगुल की दिशा में बढ़ रही थी।कराईकुडी से लगभग 15 किलोमीटर दूर तिरुपत्तूर क्षेत्र के पास दोनों बसें तेज रफ्तार में आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बस का ड्राइवर साइड पूरी तरह चकनाचूर हो गया और कई यात्री अंदर फंस गए।स्थानीय लोगों, राहगीरों और यात्रियों ने मिलकर तुरंत राहत कार्य शुरू किया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालना शुरू किया।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घायलों को तुरंत आस-पास के अस्पताल में भर्ती करवाया गया।जहां उनका इलाज चल रहा है।कईं घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।शुरूआती जानकारी के अनुसार दोनों बसों की रफ्तार बहुत तेज थी।हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर टक्कर के कारण की पुष्टि नहीं हुई है।तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और तत्काल सहायता के निर्देश दिए।

उन्होंने घोषणा की मृतकों के परिजनों को 3 लाख रुपये की सहायता,गंभीर घायलों को 1 लाख रुपये और सामान्य घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी औक राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने भी हादसे पर दुख जताया है।

गौरतलब है कि तमिलनाडु में यह एक हफ्ते में दूसरी बड़ी बस दुर्घटना है। इससे पहले 23 नवंबर 2025 को तेनकासी जिले में भी दो बसों की टक्कर में 6 लोगों की जान चली गई थी और 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। लगातार हो रही बस दुर्घटनाओं ने राज्य में परिवहन सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Subscribe to Our Newsletter!

This will close in 0 seconds