झारखंड की राजधानी रांची से शुक्रवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई, जहां अरगोड़ा–कटहल मोड़ रोड स्थित पर्ल ऑर्किड अपार्टमेंट में अचानक भीषण आग लग गई। आग अपार्टमेंट की ऊपरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी, जिससे पूरे भवन में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फ्लैट में रखा कीमती घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

सुबह 7:30 बजे लगी आग
जानकारी के मुताबिक, आग शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे लगी। सबसे पहले फ्लैट के बाथरूम से धुआं निकलता देखा गया। उस वक्त फ्लैट में दो बच्चे, एक बुजुर्ग, एक महिला और एक पुरुष मौजूद थे। धुआं दिखते ही सभी ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत फ्लैट खाली कर दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही मिनटों में धुएं ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि ऊपरी मंजिलों से धुएं का घना गुबार दूर से ही दिखाई देने लगा।
11वीं–12वीं मंजिल पर आग
आग जिस फ्लैट में लगी वह अपार्टमेंट की 11वीं मंजिल पर स्थित बताया जा रहा है, जबकि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धुआं 12वीं मंजिल तक फैल गया था। आग लगते ही पूरे अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया। सभी फ्लोर के लोग जान बचाने के लिए सीढ़ियों के सहारे नीचे उतरने लगे।एहतियात के तौर पर कुछ देर के लिए बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई। धुएं के कारण कई लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई।
दमकल विभाग की तत्परता से आग पर पाया गया काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को अलर्ट किया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 7 से 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।राज्य अग्निशमन सेवा के प्रभारी जितेंद्र तिवारी ने बताया कि आग बुझाने में करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। ऊपरी मंजिल तक पानी पहुंचाना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन विशेष उपकरणों की मदद से आग को फैलने से रोका गया।

आग लगने के कारणों पर सस्पेंस
आग लगने के कारणों को लेकर अलग-अलग आशंकाएं जताई जा रही हैं।प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।वहीं अग्निशमन अधिकारी जितेंद्र तिवारी के अनुसार, रसोई गैस के रिसाव की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
बड़ा हादसा टला
इस घटना ने एक बार फिर ऊंची इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई और लोगों की सतर्कता से कोई जनहानि नहीं हुई, जो राहत की सबसे बड़ी बात है।









