अमेरिका के टेक्सास राज्य की राजधानी Austin में रविवार तड़के एक दर्दनाक गोलीबारी की घटना सामने आई। इस हमले में भारतीय मूल की 21 वर्षीय छात्रा सविता शान समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए पुलिस के अनुसार, 53 वर्षीय हमलावर नडियागा डियाग्ने, जो सेनेगल मूल का अप्रवासी था, ने शहर के एक बीयर गार्डन के बाहर अपनी कार रोकी। इसके बाद उसने पिस्टल से वहां बैठे लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फिर कार से बाहर निकलकर राहगीरों पर राइफल से गोलियां चलाईं।
पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और हमलावर को मौके पर ही मार गिराया। अधिकारियों के मुताबिक, हमलावर ने ईरानी झंडे वाली टी-शर्ट पहनी हुई थी।

आतंकी एंगल की जांच
संघीय जांच एजेंसी Federal Bureau of Investigation (एफबीआई) इस मामले की जांच कर रही है। एजेंसी के अधिकारियों ने कहा है कि हमलावर के आतंकवाद से संभावित संबंधों की जांच की जा रही है।
एफबीआई निदेशक Kash Patel ने सोशल मीडिया पर बताया कि आतंकवाद-रोधी और खुफिया टीमों को हाईअलर्ट पर रखा गया है।
विश्वविद्यालय ने क्या कहा?
University of Texas at Austin के अध्यक्ष जिम डेविस ने ईमेल जारी कर सविता शान की मौत की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि शान एक होनहार छात्रा थीं और इस साल ग्रेजुएशन करने वाली थीं।
जानकारी के मुताबिक, शान अर्थशास्त्र और प्रबंधन सूचना प्रणाली में दोहरी डिग्री कर रही थीं। वह ऑस्टिन तमिल संगम में स्वयंसेवक भी थीं और उन्होंने “सनफ्लेक स्टिकर्स” नाम से एक ई-कॉमर्स कारोबार शुरू किया था। उन्होंने प्राइस वॉटरहाउस कूपर्स और स्टेपल्स में इंटर्नशिप भी की थी।
पुलिस की अपील
ऑस्टिन पुलिस प्रमुख ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच जारी है। लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका में सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही हाईअलर्ट पर हैं। फिलहाल जांच एजेंसियां हमले के पीछे की असली वजह पता लगाने में जुटी हैं।









