मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलना अब सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है। मेरठ में 22 साल के युवक की मोबाइल पर PUBG खेलते समय ब्रेन हेमरेज हो गया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में मातम छाया हुआ है।
मृतक की पहचान खैरनगर के गूलर वाली गली निवासी मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है। वह एक प्रॉपर्टी डीलर का बेटा था और अपने पिता के काम में हाथ बंटाता था।

PUBG खेलते समय बिगड़ी तबीयत
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को कैफ अपने ऑफिस में बैठकर मोबाइल पर PUBG गेम खेल रहा था। इसी दौरान अचानक वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे नजदीकी डॉक्टर के पास पहुंचाया, जहां जांच में उसका ब्लड प्रेशर 300 से अधिक पाया गया।
गंभीर हालत को देखते हुए उसे पहले होप नर्सिंग होम और फिर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। वहां दो दिन तक इलाज चला, लेकिन रविवार सुबह कैफ ने दम तोड़ दिया।
डॉक्टरों ने बताया मौत की वजह
डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक ब्लड प्रेशर बढ़ने से कैफ के दिमाग की नस फट गई, जिससे अंदरूनी रक्तस्राव हुआ और ब्रेन हेमरेज हो गया।
पहले से था ब्लड प्रेशर का मरीज
परिजनों ने बताया कि कैफ को पहले से ही ब्लड प्रेशर की समस्या थी और वह पिछले कई सालों से इलाज करा रहा था। माना जा रहा है कि PUBG गेम खेलते समय तनाव और उत्तेजना के कारण उसका बीपी अचानक बढ़ गया, जिससे यह हादसा हुआ।
मोबाइल की लत बनी वजह
परिजनों के अनुसार, कैफ मोबाइल पर काफी ज्यादा समय बिताता था। वह ऑनलाइन गेम के साथ-साथ वीडियो रील्स भी बनाता था। परिवार उसे बार-बार मोबाइल से दूर रहने की सलाह देता था, लेकिन वह नहीं मानता था।
इकलौता बेटा था कैफ
कैफ अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। शव को घर लाने के बाद शाम को उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।