Ketan Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुलिस की जांच के दौरान कई चौंकाने वाले डिजिटल सबूत सामने आए हैं। पुलिस की करीब 5,053 पन्नों की चार्जशीट के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल और सोशल मीडिया से बड़ी मात्रा में डेटा रिकवर किया गया है। फोरेंसिक टीम ने डिलीट की गई चैट को भी रिकवर किया है।
1801 चैट का डेटा हुआ रिकवर
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मोबाइल से कई मैसेज और चैट डिलीट कर दिए थे। हालांकि साइबर फोरेंसिक टीम ने करीब 1,801 चैट का डेटा रिकवर कर लिया।इनमें व्हाट्सऐप की 11 ऐसी बातचीत भी शामिल हैं, जिन्हें डिलीट किया गया था। इसके अलावा जांच टीम ने चैटजीपीटी, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम और स्नैपचैट समेत कई प्लेटफॉर्म के डेटा की जांच की।
ChatGPT पर क्या सर्च किया गया?
इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा सिया की इंटरनेट और ChatGPT सर्च को लेकर हो रही है।पुलिस की जांच के मुताबिक, सिया ने सास से भावनात्मक तरीके से माफी मांगने और पति का गुस्सा शांत करने जैसी चीजों के बारे में जानकारी सर्च की थी।इसके अलावा पति की मौत के बाद दुख कैसे दिखाया जाए और लोगों के सामने संवेदनाएं किस तरह जताई जाएं, इस तरह की जानकारी तलाशने की बात भी चार्जशीट में सामने आई है।पुलिस के मुताबिक इंटरनेट पर यह भी सर्च किया गया कि हत्या के बाद अखबारों में खबर किस तरह आती है और क्या डिलीट की गई चैट को पुलिस दोबारा हासिल कर सकती है।
लोहगढ़ की पहले से की गई थी रेकी
पुलिस की जांच के अनुसार, जिस जगह केतन की मौत हुई, उस जगह की पहले से रेकी किए जाने का शक है।पुलिस के मुताबिक 31 मई को सिया केतन को लोहगढ़ लेकर गई थी। वहां केतन को चट्टान के किनारे खड़ा करवाकर अलग-अलग एंगल से उसकी तस्वीरें ली गई थीं।जांच में यह भी सामने आया कि 14 जून को केतन को लोहगढ़ से नीचे धकेलने की कोशिश की गई थी, लेकिन उस समय यह कोशिश सफल नहीं हुई।इसके बाद 18 जून को केतन की मौत हो गई।
9,200 वीडियो भी खंगाले
पुलिस ने इस मामले की जांच के दौरान करीब 9,200 वीडियो खंगाले। पुलिस के मुताबिक घटना के समय वहां मौजूद कुछ पर्यटकों के कैमरों में भी आरोपी कैद हुए थे।जांच में आरोपियों की इंटरनेट हिस्ट्री और सोशल मीडिया गतिविधियों को भी खंगाला गया। पुलिस रिकॉर्ड में अपराध और सस्पेंस से जुड़ी कुछ फिल्मों और पॉडकास्ट का भी जिक्र सामने आया है।
केतन ने दोस्त से बताई थी परेशानी
चार्जशीट में दर्ज गवाही के मुताबिक, घटना से करीब एक महीने पहले 16 मई को केतन अपनी एक पुरानी महिला दोस्त के घर गया था।उसने सिया के व्यवहार को लेकर अपनी परेशानी साझा की थी। गवाही के मुताबिक केतन ने बताया था कि सिया को शराब की लत हो चुकी है, वह उस पर मानसिक दबाव बनाती है और उसने अपनी पढ़ाई-लिखाई को लेकर भी उससे झूठ बोला था।
पत्नी के जन्मदिन की कर रहा था तैयारी
इस मामले का एक भावुक पहलू यह भी है कि जिस समय पुलिस के मुताबिक साजिश की तैयारी चल रही थी, उसी दौरान केतन अपनी पत्नी सिया के जन्मदिन की तैयारी कर रहा था।पुलिस के मुताबिक केतन ने 19 जून को सिया का जन्मदिन मनाने के लिए महाबलेश्वर के एक बड़े होटल में 25 कमरे और एक प्राइवेट स्विमिंग पूल बुक किया था।इस पर करीब 3 लाख रुपये खर्च होने थे और केतन ने 50 हजार रुपये एडवांस भी दिए थे। व्हाट्सऐप पर ‘जून 19 बर्थडे सेलिब्रेशन’ नाम से एक ग्रुप भी बनाया गया था।
हालांकि 18 जून को केतन की मौत हो गई। चार्जशीट के मुताबिक, इसके बाद सिया उसके अंतिम दर्शन के लिए भी नहीं पहुंची।केतन मर्डर केस में पुलिस की जांच का बड़ा हिस्सा डिजिटल सबूतों पर आधारित है। डिलीट की गई चैट, इंटरनेट सर्च, सोशल मीडिया डेटा और वीडियो फुटेज से पुलिस ने कई अहम कड़ियां जुटाई हैं।अब अदालत में इन डिजिटल सबूतों की क्या भूमिका रहती है और मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर बनी हुई है।










