BREAKING

GOA

गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक का दिल का दौरा पड़ने से निधन ,79 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस,दो बार रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री, गोवा में शोक की लहर

गोवा के वरिष्ठ नेता, राज्य के कृषि मंत्री और दो बार के मुख्यमंत्री रवि नाइक का बुधवार सुबह कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे।जानकारी के अनुसार, रवि नाइक को देर रात उनके घर पर अचानक दिल का दौरा  पड़ा। परिवार के लोगों ने उन्हें तुरंत पोंडा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने रात करीब 1 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।उनके निधन से राज्यभर में शोक की लहर दौड़ गई है। नाइक के पार्थिव शरीर को पोंडा के खडपाबंध स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और CM प्रमोद सावंत ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा—

“गोवा सरकार में मंत्री श्री रवि नाइक जी के निधन से दुखी हूं। उन्हें एक अनुभवी प्रशासक और समर्पित लोकसेवक के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने गोवा के विकास पथ को समृद्ध बनाया। वे विशेष रूप से वंचितों और हाशिए पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए तत्पर थे। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति।”

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा—

“वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री श्री रवि नाइक जी का निधन गोवा की राजनीति के लिए अपूर्णीय क्षति है। उनका नेतृत्व, विनम्रता और जनसेवा के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा।”

राजनीतिक सफर

रवि नाइक ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत पोंडा नगर परिषद के पार्षद के रूप में की थी।1984 में वे पहली बार हाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (MGP के टिकट पर पोंडा से विधायक बने।उन्होंने 1991 में पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और लगभग 28 महीने तक इस पद पर रहे।बाद में अप्रैल 1994 में वे दोबारा मुख्यमंत्री बने, लेकिन यह कार्यकाल केवल छह दिनों का रहा  जो राज्य का सबसे छोटा कार्यकाल माना जाता है।

लंबा और विविध राजनीतिक कार्यकाल

रवि नाइक ने अपने राजनीतिक जीवन में 7 बार विधायक के रूप में कार्य किया।छह बार पोंडा और एक बार मर्काईम विधानसभा क्षेत्र से चुने गए।उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में MGP, कांग्रेस और भाजपा तीनों दलों के साथ राजनीति की।1998 में वे कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में उत्तर गोवा से लोकसभा सांसद चुने गए।2007 से 2012 तक उन्होंने कांग्रेस सरकार में गृह मंत्री के रूप में भी सेवा दी।बाद में 2021 में वे पुनः भाजपा में शामिल हुए और 2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर पोंडा से जीत हासिल कर कृषि मंत्री बने।

परिवारिक जीवन

नाइक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे, एक बहू और तीन पोते-पोतियों को छोड़ गए हैं।उनका अंतिम संस्कार आज (बुधवार) दोपहर पोंडा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

 

राज्य की राजनीति में एक अमिट छाप

रवि नाइक को गोवा की राजनीति का एक ऐसा चेहरा माना जाता था जिन्होंने तीन अलग-अलग दलों में रहते हुए भी जनसेवा और विकास को प्राथमिकता दी।उनकी विनम्रता, प्रशासनिक अनुभव और जनता से जुड़ाव ने उन्हें गोवा की राजनीति में एक अमिट छाप छोड़ने वाला नेता बना दिया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Subscribe to Our Newsletter!

This will close in 0 seconds