गोवा के चर्चित बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब अग्निकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्लब के पार्टनर अजय गुप्ता को दिल्ली से हिरासत में ले लिया गया है। शनिवार रात लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत के बाद पुलिस लगातार क्लब मालिकों और स्टाफ की तलाश में थी। गुप्ता को अब गोवा लाकर आगे की पूछताछ की जाएगी।पुलिस के अनुसार अजय गुप्ता को मंगलवार को दिल्ली से पकड़ा गया।गुप्ता दिल्ली के लाजपत नगर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ ब्रेन एंड स्पाइन में भर्ती था, वहीं से उसे पकड़ा गया।जहां से उसे माननीय साकेत कोर्ट में पेश किया जा सकता है।गोवा पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड की मांग की है, जिसके बाद उसे गोवा लाया जाएगा।गिरफ्तारी के दौरान गुप्ता ने मास्क, टोपी और हुडी पहनकर अपना चेहरा छिपाने की कोशिश की। मीडिया ने जब उससे सवाल पूछे, तो उसने कहा कि“मैं सिर्फ बिजनेस पार्टनर हूं, मुझे ज्यादा नहीं पता।”

क्लब में भारी निवेश
जांच में सामने आया है कि अजय गुप्ता और उसका भाई राजेश गुप्ता, क्लब मालिक लूथरा ब्रदर्स के करीबी बिजनेस पार्टनर हैं।दोनों ने क्लब में काफी पैसा निवेश किया था।गुप्ता और उसके पार्टनर सुरिंदर कुमार खोसला के खिलाफ पहले ही लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया था।पुलिस जब उसके दिल्ली घर पहुंची, तो वह फरार मिला। उसके बाद गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।अजय गुप्ता इस केस में गिरफ्तार किया गया छठा व्यक्ति है।
कौन-कौन गिरफ्तार और कौन फरार?
अब तक इस केस में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।राजीव मोडक जो चीफ जनरल मैनेजर,विवेक सिंह-जनरल मैनेजर व राजीव सिंघानिया जोकि बार मैनेजर और रियांशु ठाकुर जो गेट मैनेजर थे।पुलिस ने भरत कोहली को दिल्ली से गिरफ्तार किया।अब पुलिस ने नाइट क्लब के पार्टनर अजया गुप्ता को गिरफ्तार किया है।फिलहाल दोनों मालिक गौरव लूथरा व सौरभ लूथरा फरार है।दोनों आग लगने के बाद थाईलैंड भाग गए और इनके खिलाफ इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है।
प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के निर्देश पर मंगलवार को वागाटोर में लूथरा ब्रदर्स की रोमियो लेन बीच शैक को बुलडोजर से तोड़ दिया गया।गोवा पर्यटन विभाग के अनुसा यह संरचना बीच क्षेत्र में अतिक्रमण कर बनी थी।कुल 198 वर्ग मीटर का अवैध क्षेत्र हटाया गया।इस मामले में पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है।

कई अधिकारी निलंबित किए जा चुके हैं।इस घटना के बाद गोवा सरकार ने चार सदस्यीय मजिस्ट्रियल जांच समिति बनाई है।सरकार ने नाइटक्लब, रेस्टोरेंट, बार और इवेंट वेन्यू के लिए नई एडवाइजरी जारी की है।जमीन के मालिक प्रदीप घाडी अमोनकर ने दावा किया “क्लब नमक के खेतों पर अवैध रूप से बनाया गया था। मामला 20 साल से कोर्ट में है।”
क्या है मामला?
6 दिसंबर की रात बर्च बाय रोमियो लेन क्लब में भीषण आग लगी थी।जिसमें 25 लोगों की मौत और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।क्लब में सुरक्षा मानकों की भारी लापरवाही सामने आई थी।










