क्या पंजाबी सिंगर तलविंदर और बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं? पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में इन दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हैं। अब इन अटकलों पर पहली बार खुद सिंगर तलविंदर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।तलविंदर इन दिनों अपने गानों से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्हें कई मौकों पर दिशा पाटनी के साथ देखा गया, जिसके बाद दोनों के रिलेशनशिप को लेकर कयास लगाए जाने लगे। तलविंदर ने बताया कि उनकी और दिशा की मुलाकात हाल ही में हुई है। सिंगर के मुताबिक, दोनों की जान-पहचान नूपुर सेनन और स्टेबिन बेन की शादी से ठीक पहले शुरू हुई थी। यह रिश्ता पहले एक सामान्य दोस्ती के तौर पर शुरू हुआ।

डेटिंग की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए तलविंदर ने कहा,
“हम अभी एक-दूसरे को समझने की कोशिश कर रहे हैं। मैं बस इतना ही कहना चाहूंगा। अगर लोग अफवाहें फैलाना चाहते हैं, तो मैं उन्हें अफवाहें ही रहने दूंगा।”
‘मैं हर दिन प्यार में पड़ जाता हूं’
प्यार और फीलिंग्स को लेकर तलविंदर ने एक दिलचस्प बयान भी दिया। उन्होंने कहा,
“मैं हर दिन प्यार में पड़ जाता हूं। मैं अभी प्यार में पड़ रहा हूं।”
हालांकि इस बयान के दौरान तलविंदर ने दिशा पाटनी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन जिस समय यह बयान आया है, उसने दोनों के बीच रिश्ते की चर्चाओं को और तेज कर दिया है। उनके इस बयान से यह साफ है कि वह अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर फिलहाल ज्यादा खुलासा नहीं करना चाहते।
इन खबरों के बीच अभी तक दिशा पाटनी ने तलविंदर के साथ अपने रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। ऐसे में फैंस दोनों की तरफ से किसी साफ जवाब का इंतजार कर रहे हैं।
हाल ही में नूपुर सेनन की शादी और मुंबई में हुए रिसेप्शन के दौरान दिशा और तलविंदर को साथ देखा गया था। इस दौरान दोनों के बीच नजदीकियां देखकर लोगों ने उनके अफेयर की चर्चाएं शुरू कर दीं।बताया जा रहा है कि इस दौरान तलविंदर कैमरों से बचते नजर आए और अपना चेहरा छिपाते दिखाई दिए। वहीं रिसेप्शन में दिशा की करीबी दोस्त मौनी रॉय भी तलविंदर को कैमरों से बचाती नजर आई थीं।
तलविंदर का पूरा नाम तलविंदर सिंह सिद्धू है। वह अपनी पहचान को लेकर हमेशा काफी प्राइवेट रहे हैं। सिंगर अक्सर पब्लिक अपीयरेंस और स्टेज परफॉर्मेंस के दौरान मास्क पहनकर नजर आते हैं।यहां तक कि जब वह बिना मास्क होते हैं, तब भी कैमरे के सामने अपना चेहरा छिपाने की कोशिश करते हैं। हालांकि हाल ही में उनकी कुछ तस्वीरें बिना मास्क के भी सामने आई थीं, जिसने फैंस के बीच और उत्सुकता बढ़ा दी है।
फिलहाल तलविंदर ने रिश्ते को लेकर कोई साफ पुष्टि नहीं की है, लेकिन उनके बयान से इतना जरूर साफ है कि वह अपनी जिंदगी में प्यार को महसूस कर रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में दिशा पाटनी या तलविंदर इस रिश्ते पर कोई खुलकर बयान देते हैं या नहीं।










