बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने के बाद वे शपथ ग्रहण तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। नीतीश कुमार 20 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के 11 राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हो सकते हैं।शपथ ग्रहण समारोह के लिए दो मंचों की व्यवस्था की गई है और लगभग 150 अतिथियों को विशेष निमंत्रण भेजा गया है। समारोह का आयोजन सुबह 11:30 बजे शुरू होगा और मुख्यमंत्री लगभग 12:00 बजे शपथ लेंगे।इससे पहले आज बुधवार को बिहार विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में NDA के विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना गया।

वहीं, सुबह 11 बजे पटना स्थित BJP कार्यालय में विधायक दल की बैठक आयोजित हुई, जिसमें सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया, जबकि विजय सिन्हा को विधानमंडल का उपनेता बनाया गया। सूत्रों के अनुसार सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा दोनों डिप्टी सीएम पद की शपथ ले सकते हैं।NDA की बैठक में शामिल सभी सहयोगी दलों के विधायक और नेता उपस्थित रहे, जिनमें लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा, लोक जनशक्ति पार्टी के नव निर्वाचित विधायक और नीतीश कुमार, चिराग पासवान, संतोष सुमन, उपेंद्र कुशवाहा, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा शामिल थे। NDA विधायक दल की बैठक में BJP विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद के लिए नीतीश कुमार का नाम प्रस्तावित किया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।इसके बाद नीतीश कुमार राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मिलने राजभवन पहुंचे और अपना इस्तीफा सौंपा। राज्यपाल के साथ कुछ देर तक बातचीत के बाद नीतीश कुमार राजभवन से बाहर आए।

NDA के सहयोगी दलों ने शपथ ग्रहण की प्रक्रिया को लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि बिहार की जनता ने NDA उम्मीदवारों, प्रधानमंत्री मोदी के विचारों और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अनुभव पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि अब उनकी जिम्मेदारी है कि जनता के विश्वास पर खरा उतरें और शपथ ग्रहण के बाद अपने संकल्प पत्र के वादों को एक-एक करके पूरा किया जाए।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि सरकार गठन की प्रक्रिया मुख्यमंत्री तय करेंगे। पहले राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा और उसके बाद कैबिनेट गठन समेत अन्य व्यवस्थाएं स्पष्ट होंगी। बिहार में कल 10वीं बार नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेगें।जिनके नेतृत्व में NDA सरकार का गठन होने जा रहा है।










