BREAKING

4 days ago
BIHAR

BIHAR ASSEMBLY ELECTIONS 2025: पहले चरण के लिए मतदान आज,16 जिलों में वोटिंग जारी, NDA और महागठबंधन के बीच सीधा मुकाबला, तेजस्वी यादव और अन्य बड़े नेता मैदान में

आज बिहार में विधानसभा चुनाव की पहली चरण के लिए मतदान हो रहे हैं। खास बात यह है कि बिहार की सियासत के ज़्यादातर बड़े चेहरों की सीटें पहले चरण की वोटिंग में ही कवर हो रही हैं।बिहार में इस बार के विधानसभा चुनावों में भी सीधा मुक़ाबला NDA और विपक्षी महागठबंधन के बीच माना जा रहा है।हालांकि किसी भी सियासी समीकरण को बिगाड़ने के लिए प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज भी इस बार चुनाव मैदान में है।वहीं कई सीटों पर अन्य छोटे दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों पर भी लोगों की नज़र होगी। इस चरण में पटना, मुज़फ़्फ़रपुर, दरभंगा, मधेपुरा, सहरसा, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, शेख़पुरा, नालंदा, बक्सर और भोजपुर ज़िलों में वोटिंग हो रही है।

पहले चरण के मतदान के बड़े चेहरों में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और महागठबंधन के CM उम्मीदवार तेजस्वी यादव का नाम भी शामिल है। तेजस्वी राघोपुर से चुनाव लड़ रहे हैं और उनके सामने BJP के सतीश कुमार सिंह हैं। तेजस्वी यादव इस सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं।RJD से बाहर किए जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने अपनी नई पार्टी बना ली है। उनकी पार्टी का नाम ‘जनशक्ति जनता दल’ है। RJD के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप महुआ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने मुकेश रौशन RJD के उम्मीदवार हैं, जो पिछली बार इस सीट से जीते थे।

बिहार की मोकामा सीट काफ़ी चर्चा में आ गई है। इस सीट पर बाहुबली माने जाने वाले दो लोग आमने-सामने हैं। यहां एक तरफ सूरजभान सिंह हैं, जिनकी पत्नी वीणा देवी RJD के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं तो वहीं दूसरी तरफ JDU के अनंत सिंह हैं।मोकामा में मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया। दुलारचंद हत्याकांड और पूर्व विधायक अनंत सिंह की जेल जाने की घटनाओं के बाद इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। हर बूथ पर पुलिस और सुरक्षा बल तैनात हैं, जिससे मोकामा की सड़कें मानो सुरक्षा छावनी में बदल गई हों।इस बार मोकामा विधानसभा सीट पर सियासी टकराव और भी तीव्र है। प्रमुख मुकाबला बाहुबली नेता अनंत सिंह और राजद प्रत्याशी वीणा देवी के बीच है।

अनंत सिंह जदयू के प्रत्याशी हैं, जबकि वीणा देवी अपने पति सूरजभान सिंह की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रही हैं। वहीं जनसुराज पार्टी से पीयूष प्रियदर्शी भी चुनावी मुकाबले में शामिल हैं।राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार हाल की हिंसक घटनाओं और बाहुबली छवि वाले नेताओं के विरोध के बीच मोकामा की राजनीति और भी हॉट सीट बन गई है।भूमिहार वोटों की दिशा इस चुनाव का निर्णायक पहलू मानी जा रही है। पूर्व अनुमान था कि भूमिहार वोट बिखरेगा, लेकिन दुलारचंद हत्याकांड और अनंत सिंह की जेल जाने के बाद सियासी समीकरण बदल गए हैं।नीतीश कुमार की सरकार में BJP के कोटे से उपमुख्यमंत्री बनाए गए सम्राट चौधरी तारापुर से पार्टी के उम्मीदवार हैं, वो इस सीट से पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।माना जाता है कि अगर सम्राट चौधरी चुनाव जीतने में कामयाब रहे तो पार्टी में उनकी हैसियत बढ़ सकती है. इस सीट से RJD के अरुण कुमार से उनका सीधा मुक़ाबला हो सकता है। साल 2021 में हुए उपचुनाव में अरुण कुमार 4 हज़ार से भी कम वोटों से JDU के राजीव कुमार सिंह से हार गए थे।नीतीश सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे एक अन्य नेता विजय कुमार सिन्हा लखीसराय सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वो लगातार चौथी बार इस सीट से चुनावी मैदान में हैं।

विजय कुमार सिन्हा कभी नीतीश के आलोचकों में गिने जाते थे। वो राज्य में BJP के बड़े चेहरों में शामिल हैं।पहले चरण की वोटिंग में गायको की सीट भी शामिल है। RJD की तरफ से खेसारी लाल यादव और भाजपा की तरफ से मेथिली ठाकुर मैदान में हैं।भोजपुरी गायक और अभिनेता शत्रुघ्न यादव उर्फ़ खेसारी लाल यादव छपरा विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के उम्मीदवार हैं।इस सीट पर भी पहले चरण में वोटिंग हो रही है। यह शहरी सीट है और परंपरागत रूप से इसे RJD के मजबूत गढ़ के तौर पर नहीं देखा जाता है, हालाँकि RJD ने खेसारी लाल यादव को टिकट देकर चुनावी समीकरण में सेंध लगाने की कोशिश की है।चुनावों से पहले BJP में शामिल होने वाली मैथिली ठाकुर को पार्टी ने दरभंगा की अलीनगर सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। इस सीट से RJD ने विनोद मिश्र को टिकट दिया है। विनोद मिश्र पिछले विधानसभा चुनाव में इस सीट पर महज़ क़रीब तीन हज़ार वोटों से मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी ( वीआईपी) के उम्मीदवार से हार गए थे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Subscribe to Our Newsletter!

This will close in 0 seconds