BREAKING

AAJ KA VICHAR 24 hours ago
BIHAR

BIHAR ASSEMBLY ELECTIONS 2025: मोकामा में अनंत सिंह का टूटा मंच, बाल-बाल बचे JDU प्रत्याशी हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

बिहार विधानसभा चुनाव में मोकामा सीट से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के उम्मीदवार और बाहुबली नेता अनंत सिंह चुनावी मैदान में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। अनंत सिंह के साथ मोकामा के पूर्वी इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। जैसे ही अनंत सिंह मंच पर चढ़े और भाषण शुरू किया, अचानक मंच भरभराकर टूट गया और वह समर्थकों समेत नीचे गिर पड़े। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह मोकामा के रामपुर-डूमरा गांव में जनसंपर्क अभियान के तहत पहुंचे थे। गांववालों ने उनके स्वागत के लिए एक छोटा मंच तैयार किया था। जैसे ही वह मंच पर पहुंचे और “अनंत सिंह जिंदाबाद” के नारे गूंजने लगे, मंच अचानक टूट गया। मंच टूटते ही अफरातफरी मच गई, समर्थक भाग-दौड़ करने लगे, लेकिन गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।मंच टूटने के बाद भी अनंत सिंह ने अदम्य हौसला दिखाया। उन्होंने वहीं खड़े होकर समर्थकों का अभिवादन किया और मुस्कुराते हुए कहा,“जनता का प्यार ही मेरा हौसला है, मंच टूट जाए तो क्या! मैं ठीक हूं, ये सब होता रहता है। जनता का आशीर्वाद मेरे साथ है, इसलिए मुझे कुछ नहीं होगा।”

दो बाहुबलियों की टक्कर से गर्म हुआ मोकामा का माहौल

मोकामा विधानसभा सीट इस बार चर्चा में है क्योंकि यहां दो बड़े बाहुबली नेताओं की टक्कर हो रही है। एक तरफ JDU से अनंत सिंह तो दूसरी तरफ RJD समर्थित बीना देवी हैं, जो पूर्व सांसद और बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी हैं। ऐसे में यह मुकाबला बेहद दिलचस्प और हाईप्रोफाइल बन गया है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, “मोकामा में इस बार सियासी जंग से ज्यादा बाहुबल की ताकत देखी जा रही है। जनता भी दोनों नेताओं की रैलियों में भारी संख्या में जुट रही है।”

अनंत सिंह की संपत्ति करोड़ों में

नामांकन पत्र में दिए गए हलफनामे के अनुसार, JDU प्रत्याशी अनंत सिंह 37.88 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। जिसमें उनकी चल संपत्ति ₹26.66 करोड़ व अचल संपत्ति: ₹11.22 करोड़ है।उनके पास कई जमीनें और संपत्तियां हैं, जिनमें पटना के फ्रेजर रोड स्थित “हसन मंजिल” नाम का एक कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स भी शामिल है।वह लग्जरी गाड़ियों के भी शौकीन हैं। उनके पास 2.70 करोड़ की टोयोटा लैंड क्रूजर, 48 लाख की फॉर्च्यूनर और 5 लाख की XUV कार मौजूद है।

हादसे के बाद भी जारी रहा प्रचार

मंच टूटने की घटना के बावजूद अनंत सिंह ने प्रचार अभियान नहीं रोका। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और वह तुरंत अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना “जनता के भारी उत्साह और भीड़” के कारण हुई, जिससे मंच पर अत्यधिक भार पड़ गया था।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि अनंत सिंह भाषण देने के लिए मंच पर खड़े हैं और अचानक मंच नीचे धंस जाता है। हालांकि गिरने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और मुस्कुराते हुए भीड़ का अभिवादन करते नजर आए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Subscribe to Our Newsletter!

This will close in 0 seconds