बांग्लादेश में सुबह-सुबह 5.7 तीव्रता के प्रबल भूकंप ने भारी तबाही मचाई। भारतीय समय के अनुसार करीब 10.08 बजे नरसिंगडी के माधबडी क्षेत्र में आए इस भूकंप में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 200 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। झटके इतने तेज़ थे कि ढाका के नजदीक एक 10 मंजिला इमारत झुक गई, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।भूकंप का केंद्र ढाका से मात्र 25 किलोमीटर दूर स्थित था और इसकी गहराई करीब 10 किलोमीटर मापी गई। भूकंप के प्रभाव के चलते ढाका, नरसिंगडी, गाजीपुर और आसपास के जिलों में कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। कई जगहों पर घरों के छज्जे और सीढ़ियों की रेलिंग टूट गई।

फैक्ट्री में मची भगदड़
गाजीपुर के श्रीपुर क्षेत्र में स्थित डेनिमेक टेक्सटाइल फैक्ट्री में भूकंप के दौरान भारी अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों ने आरोप लगाया कि झटके महसूस होने के बाद भी प्रशासन ने फैक्ट्री का मेन गेट नहीं खोला, जिससे कर्मचारियों में घबराहट फैल गई और भगदड़ मच गई।इस भगदड़ में 150 से अधिक मजदूर घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को श्रीपुर उपजिला स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
10 महीने की बच्ची की मौत
नारायणगंज के रूपगंज उपजिला में एक दर्दनाक हादसे में 10 महीने की बच्ची की मौत हो गई। भूकंप के दौरान जब उसकी मां बच्ची को लेकर घर से बाहर निकली और पास ही अपनी मां के घर जा रही थी, तभी सड़क किनारे खड़ी एक दीवार गिर गई और दोनों उसके नीचे दब गए।बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसकी मां और एक पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हैं। उनका इलाज एक निजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है।

ढाका के कई भवनों को नुकसान
बांग्लादेशी मीडिया के अनुसार, भूकंप के झटकों से ढाका के कई इलाकों में इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। कई मकानों की सीढ़ियों की रेलिंग टूटने से हादसे हुए। ढाका के अस्पतालों ने पुष्टि की है कि रेलिंग गिरने और भगदड़ जैसी घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं।भूकंप के बाद ढाका समेत कई बड़े शहरों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सरकारी एजेंसियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। अग्निशमन विभाग और आपदा प्रबंधन दल हाई अलर्ट पर हैं।
भारत के कई हिस्सों में महसूस हुए झटके
भूकंप का केंद्र बांग्लादेश होने के बावजूद इसके तेज झटके भारत के पूर्वी हिस्सों में भी महसूस किए गए।सुबह 10:10 बजे कोलकाता, नदिया, मुर्शिदाबाद, उत्तर 24 परगना, कूचबिहार और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में लोग घरों से बाहर निकल आए।स्थानीय लोगों ने बताया कि झटके 17–20 सेकेंड तक महसूस हुए। हालांकि पश्चिम बंगाल में किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।उधर बिहार के किशनगंज और अररिया में भी झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। अचानक हिलती जमीन देखकर लोग घरों से बाहर आ गए। कई घरों में पंखे, दरवाजे और बर्तन तक हिलने लगे।अब तक किसी तरह की जनहानि या नुकसान की रिपोर्ट नहीं है।प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।










