BREAKING

4 days ago
Uttar Pradesh

KANNAUJ में चलती डबल डेकर बस बनी आग का गोला, 50 से ज्यादा यात्री बाल-बाल बचे, दमकल ने 2 घंटे में पाया काबू

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। हरियाणा के पानीपत से बिहार जा रही एक डबल डेकर स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। बस में उस समय 50 से अधिक यात्री सवार थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।प्राथमिक जांच के अनुसार बस का टायर अचानक फट गया, जिससे तेज घर्षण हुआ और देखते ही देखते आग लग गई। कुछ अधिकारियों ने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट भी बताया है।

यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बचाई जान

बस के अंदर धुआं भरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गहरी नींद में सो रहे यात्री घुटन महसूस होते ही जाग गए। आगे बैठे यात्री दरवाजे से उतरकर दूर भागे, जबकि पीछे बैठे यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। कूदने के दौरान कुछ यात्रियों को हल्की चोटें भी आई हैं।

ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

बस चालक ने हालात भांपते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। इसी सूझबूझ के चलते बड़ा हादसा होने से बच गया। हालांकि, बाद में तिर्वा कोतवाली प्रभारी संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

दमकल विभाग ने 2 घंटे में पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। आग के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।

सभी यात्री सुरक्षित, दूसरी बस से भेजे गए

कन्नौज के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन ने सभी यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री की जान नहीं गई।

पुलिस की जांच जारी

आग लगने के स्पष्ट कारणों की जांच की जा रही है। बस किस ट्रैवल एजेंसी की थी, इसकी भी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Subscribe to Our Newsletter!

This will close in 0 seconds