भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अगले साल खेले जाने वाले ICC अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। 15 सदस्यीय टीम की कमान आयुष म्हात्रे को सौंपी गई है, जबकि विहान मल्होत्रा को उपकप्तान बनाया गया है। इस टीम में सबसे ज्यादा चर्चा 14 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर है, जिन्हें वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया गया है।

15 जनवरी से 6 फरवरी तक होगा वर्ल्ड कप
अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 15 जनवरी से 6 फरवरी तक जिम्बाब्वे और नामीबिया में किया जाएगा। टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। इसके बाद सुपर सिक्स, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। फाइनल मैच हरारे में आयोजित होगा।
ग्रुप बी में भारत
पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम (2000, 2008, 2012, 2018, 2022) को ग्रुप बी में रखा गया है, जहां उसका सामना न्यूजीलैंड, अमेरिका (USA) और बांग्लादेश से होगा।भारत अपने अभियान की शुरुआत 15 जनवरी को बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में USA के खिलाफ करेगा। इसके बाद 17 जनवरी को भारत vs बांग्लादेश व 24 जनवरी को भारत vs न्यूजीलैंड से होगा।
वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीका दौरा
वर्ल्ड कप से पहले भारतीय अंडर-19 टीम दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेगी, जहां दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। यह सीरीज 3, 5 और 7 जनवरी 2026 को बेनोनी के विलोमोर पार्क में होगी।

वैभव सूर्यवंशी होंगे साउथ अफ्रीका दौरे के कप्तान
कप्तान आयुष म्हात्रे और उपकप्तान विहान मल्होत्रा कलाई की चोट के कारण साउथ अफ्रीका दौरे से बाहर रहेंगे। दोनों खिलाड़ी इलाज के लिए BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करेंगे और वर्ल्ड कप से पहले टीम से जुड़ेंगे।इनकी गैरमौजूदगी में वैभव सूर्यवंशी को दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए कप्तान और आरोन जॉर्ज को उपकप्तान नियुक्त किया गया है।










