अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी ‘गोट इंडिया टूर 2025’ के आखिरी चरण में सोमवार को दिल्ली पहुंचे। अरुण जेटली स्टेडियम में उनका भव्य स्वागत किया गया, जहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह ने उन्हें भारत और अमेरिका के बीच होने वाले मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 मुकाबले की इनविटेशनल टिकट भेंट की।इस मौके पर मेसी के साथ अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी रोड्रिगो डी पॉल और लुइस सुआरेज भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली और पूर्व भारतीय गोलकीपर अदिति चौहान भी शामिल हुईं।

मेसी को मिले खास तोहफे
जय शाह ने मेसी को भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी और टीम इंडिया के खिलाड़ियों के ऑटोग्राफ वाला फ्रेम किया हुआ क्रिकेट बैट गिफ्ट किया। वहीं अदिति चौहान ने तीनों फुटबॉलरों को साइन की हुई टी-शर्ट भेंट की।
स्टेडियम में दिखा मेसी मैजिक
स्टेडियम में पहुंचते ही मेसी ने हाथ हिलाकर हजारों फैंस का अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने डी पॉल और सुआरेज के साथ दर्शकों की ओर फुटबॉल उछाली, जिसमें मेसी की एक किक सीधे स्टेडियम के दूसरे माले तक पहुंच गई।कार्यक्रम के दौरान मेसी ने बच्चों के साथ फुटबॉल खेलकर माहौल को और भी खास बना दिया।
फैंस के प्यार से भावुक हुए मेसी
फैंस को संबोधित करते हुए मेसी ने कहा कि“भारत में इन दिनों हमें जो प्यार मिला, वह अविश्वसनीय है। यह अनुभव हमारे लिए खास रहा। आप सभी ने जो अपनापन दिखाया, उसके लिए दिल से धन्यवाद। हम जरूर फिर भारत लौटेंगे,चाहे किसी मैच के लिए या किसी और मौके पर।”
भारी संख्या में पहुंचे फैंस
मेसी की एक झलक पाने के लिए स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ जुटी रही। अनुमान के मुताबिक 22 हजार से ज्यादा दर्शक अरुण जेटली स्टेडियम पहुंचे। फैंस दोपहर से ही स्टेडियम के बाहर कतारों में खड़े नजर आए।
फ्रेंडली मैच ने बढ़ाया रोमांच
कार्यक्रम के दौरान सेलिब्रिटी मेसी ऑल-स्टार्स और मिनर्वा मेसी ऑल-स्टार्स के बीच एक फ्रेंडली मैच भी खेला गया, जिसने फैंस के उत्साह को चरम पर पहुंचा दिया।
लियोनेल मेसी का यह दौरा दिल्ली और भारतीय फुटबॉल प्रेमियों के लिए हमेशा यादगार बन गया।










