BREAKING

4 days ago
Uttar Pradesh

घने कोहरे में YAMUNA EXPRESSWAY पर भीषण सड़क हादसा,7 बसों में लगी आग, 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत, 60 लोग घायल

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आगरा से नोएडा की ओर जा रही लेन पर घने कोहरे के कारण तेज रफ्तार कई वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में 7 बसों और 3 कारों में भीषण आग लग गई, जिसमें अब तक 4 यात्रियों की जलकर मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 60 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।यह दर्दनाक हादसा बलदेव थाना क्षेत्र के गांव खड़ेहरा के पास माइल स्टोन संख्या 125–127 के बीच रात करीब 2 बजे हुआ। हादसे के समय इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता लगभग शून्य थी। बताया जा रहा है कि आगे चल रही एक बस के अचानक धीमा होने के बाद पीछे से आ रहे वाहन एक-के-बाद-एक टकराते चले गए।

टक्कर के बाद लगी आग

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही पलों में वाहनों में आग भड़क उठी। बसों के अंदर अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने शीशे और दरवाजे तोड़कर कूदकर जान बचाई, जबकि कुछ लोग आग की चपेट में आकर वाहनों के भीतर ही फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और चारों ओर चीख-पुकार मच गई।

दमकल और राहत-बचाव कार्य

सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, SDRF और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब एक दर्जन दमकल गाड़ियों की मदद से कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन लगभग 6 घंटे तक चला। जले और क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया गया।

यातायात रहा बाधित

हादसे के बाद आगरा से नोएडा जाने वाली यमुना एक्सप्रेसवे की लेन पर कई घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप रहा, जिससे लंबा जाम लग गया। बाद में लेन को आंशिक रूप से बहाल किया गया।

घायलों का इलाज जारी

घायलों को एंबुलेंस के जरिए मथुरा और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन के अनुसार, घायलों में कानपुर के 12 लोग शामिल हैं। कुछ लोगों को मौके पर प्राथमिक उपचार के बाद गंतव्य के लिए रवाना किया गया। मृतकों में से दो की पहचान हो चुकी है, अन्य की शिनाख्त की जा रही है।

पूर्वी यूपी के यात्री थे शामिल

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों और घायलों में अधिकांश यात्री मऊ, आजमगढ़ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों से दिल्ली की ओर जा रहे थे। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Subscribe to Our Newsletter!

This will close in 0 seconds